Sunday, 13 May 2018

जातीय दंभ छोड़े बिना नहीं बढ़ सकता आगे समाज





विद्या भूषण रावत


सहारनपुर शहर में फिर से तनाव व्याप्त है. पिछले वर्ष शब्बिरपुर के में ठाकुरों के जातीय उत्पीडन के बाद हुए भीम आर्मी के विद्रोह से सहारनपुर शहर को दलितों की ताकत का अहसाश हुआ था. हालाँकि ऐसा नहीं है के उन्हें इसका पता नहीं था लेकिन जहाँ दलितों की राजनितिक शक्ति में उत्तर प्रदेश में पिछले २० वर्षो से लगातार इजाफा होता जा रहा है वही अधिकांश लोग ये भी मानते थे के राजनितिक सत्ता को तो शीर्ष नेतृत्व को विश्वास में लेकर या राजनितिक बैलेंसिंग को करने के लिए, आसानी से मैनिपुलेट किया जा सकता है लेकिन सामाजिक और सांस्कृतिक तौर पर तो दलितों के विद्रोह का सीधे सीधे उदहारण फिलहाल उत्तर प्रदेश में नहीं था. इसका कारण यह भी था के बसपा की राजनीती के कारण दलितों के बहुत बड़े तबका का राजनीतिकरण हुआ और उसकी संवैधानिक मूल्यों में आशा बढ़ी और उसने हिंसा के रास्ते को कभी नहीं अपनाया लेकिन पिछले कुछ वर्षो में जब दलित में नए युवा अपनी बात रख रहे है, अपनी योग्यता का परिचय दे रहे है और इसलिए अब अपने अपमान को सहने के लिए तैयार नहीं है,

सहारनपुर में भीम आर्मी के प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश में सत्ताधारियो और विपक्ष के नेताओं की राजनैतिक ‘असुरक्षा’ को बढ़ा दिया है क्योंकि जहाँ पर उन्हें अपनी परिपक्वता का परिचय देना चाहिए था उसका जवाब वे नए आरोपों और सधी  चुप्पी से दे रहे है जो बेहद दुखद है. इस सवाल के विभिन्न पक्षों को हम बारी बारी से विश्लेषित करने की कोशिश करेंगे.

सबसे पहले तो उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को हिसाब देना होगा जिसने सहारनपुर में शब्बिरपुर के लोगो को न्याय देने के बजाय धमकाने का काम किया और दलितों के लड़ रहे लोगो के उपर ही ऍफ़ आई आर कर डाली. भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद अभी भी जेल में हैं और इलाहाबाद हाई कोर्ट के दो मामलो में उन्हें जमानत दिए जाने के बावजूद भी प्रदेश सरकार ने उन पर रास्ट्रीय सुरक्षा कानून की विभिन्न धाराओं में मुक़दमे ठोके है और उन्हें रिहा नहीं होने दिया. उनके अन्य साथी और भीम आर्मी के वर्तमान अध्यक्ष कमल वालिया भी जेल में हैं और दो दिन पूर्व ही उनके छोटे भाई सचिन वालिया की भी उनके घर के सामने गोली मार कर हत्या कर दी गयी. शब्बिरपुर के दलितों ने महाराणाप्रताप जयंती पर ठाकुरों के जलूस को निकालने के विरुद्ध प्रशासन से अनुमति मांगी थी लेकिन प्रशासन ने जानते हुए भी ऐसा किया और एक निर्दोष को उसके घर के सामने गोली मार दी गयी. प्रशासन का कहना है के मामला संदिग्थ है लेकिन प्रश्न इस बात का है के जिस तरीके के विडियो और सचिन की मौत पर अपने को ठाकुर कहने वालो ने विडियो बनाये है वे शर्मनाक है.

पिछले कुछ वर्षो में जब से भाजपा का हिंदुत्व का अजेंडा चला है उसका सबसे अधिक लाभ चाहे ठाकुर युवाओं को मिला हो या नहीं लेकिन उनके नेताओं की तो मानो चांदी हो गयी. उत्तर प्रदेश के अन्दर २०१४ के ‘देशभक्ति’ के अभियान ने ब्राह्मण ठाकुर नेताओं को पुनर्जीवित किया. मुजफ्फरनगर के परिक्षण से ठाकुरों ने इस क्षेत्र में जाटो और गुजरो की राजनीती को भी किनारे कर दिया और शायद उनके नेताओं को ये लग रहा है के आगे भी इसी प्रकार की ध्रुवीकरण की राजनीती करेंगे तो वो सत्ता की और ले जायेगी लेकिन आज के इस राजनैतिक युग में जब दूसरी जातीया भी अपने अधिकारों के प्रति सतर्क है तो वे भी देर सवेर सवाल करेंगी और अपनी हिस्सेदारी मांगेगी. लेकिन कुछ समय से पूरे देश में खासकर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश आदि प्रदेशो में राजपूतो के युवाओं का अपनी ‘अस्मिताओ’ को लेकर प्रदर्शन दिखाई दिया. राजस्थान में महारानी पद्मावती को लेकर उन्होंने खूब तोड़फोड़ की और कुछ लोगो ने ये माना भी था के व्यावसायिक लाभ के लिए अक्सर बम्बई के निर्माता निर्देशक ऐसा खेल खेलते है लेकिन उन्नाव के बलात्कार के आरोपित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को लेकर जैसे उनकी बिरादरी ने प्रदर्शन किया वो शर्मनाक था. इसलिए क्योंकि जो प्रताड़ित महिला थी वह भी राजपूत जाति की बताई जा रही थी तो फिर उसका सम्मान कहाँ है. क्यों नहीं राजपूत युवाओं का खून उस महिला की इज्जत के खौला जिसको आरोपित विधायक ने अपनी दबंगई के चलते तार तार किया. अब तो सी बी आई ने भी स्वीकारा है के विधायक ने महिला के साथ बलात्कार किया लेकिन उत्तर प्रदेश के सरकार या भारत के केंद्रीय मंत्री अथवा उनके संस्कारी समर्थको ने बजाये इसके के मंत्री ओर नेता से सवाल करें, उलटे उनके समर्थन में आना शुरू कर दिया.

राजपूत नेताओं के ये समर्थक आज सड़को पर उतर कर लठैती कर रहे है, भद्दी भद्दी गालिया दे रहे है और जय राजपुताना या भारत माता की जय के साथ अपनी मूंछो को मरोड़ रहे है. कोई भी प्रश्न पर राजपूत नेता अपने समाज की आन मान मर्यादा के प्रश्न खडा कर दे रहे है लेकिन ये प्रश्न भी समझ में आना चाहिए के आखिर राजपूतो के आर्थिक हालत कैसे हैं ? क्या किसी नेता ने सवाल किया के उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी है, उनके बच्चे नौकरियों में है न नहीं, खेती के क्या हाल है आदि आदि. आज़ादी के बाद से ही राजपूतो को बड़े राजाओं और अपनी जाति पर गौरव करने के अलावा कुछ नहीं सिखाया. ज्यादातर जमीन जमींदारी उन्मूलन के समय चली गयी. बचे खुचे जमींदार पार्टियों के नेता बन गए. राजाओं की जमीनों पर तो कोई फर्क नहीं पड़ा लेकिन बाकि गरीबो के हालात ख़राब होते चले गए. नौकरी करने को तौहीन समझा गया इसलिए राजपूतो का भारत सरकार की नौकरियों में प्रतिशत बहुत कम है. अयोध्या के राम मंदिर आन्दोलन में में इतनी बड़ी संख्या में राजपूतो का संप्रदायीकरण नहीं हुआ जो आज है. बिहार से लेकर उत्तर प्रदेश में ऐसे राजपूत नेता थे जो हमेशा से सामाजिक न्याय और समाजवादी आन्दोलनों से जुड़े रहे. ये तो नहीं कहा जा सकता के सबने जाति छोड़ दी लेकिन ये जरुर था के सभी आग उगलने वाले और गाली गलौज की राजनीती वाले नहीं थे. उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर जैसे लोग भी थी जिनकी भाषा और दोस्ती दबंगई वाले लोगो से थी लेकिन राजनीती में उन्होंने संवेदनशीलता से ही बात की. भाजपा में भैरों सिंह शेखावत, जसवंत सिंह जैसे नेता थे और उत्तर प्रदेश में राजनाथ सिंह जो वर्तमान में ठाकुरों के नाम पर नेतागिरी कर रहे लोगो से न केवल कद में अपितु व्यवहार और विचार में भी बहुत बड़े थे.
सामाजिक न्याय की राजनीती में विश्वनाथ प्रताप सिंह का नाम बहुत अदब से लिया जाता है. अपने छोटे से कार्यकाल में जिस ईमानदारी के साथ उन्होंने सामाजिक न्याय का प्रश्न राजनीती की मुख्यधारा बना दिया वो इतिहास में मील का पत्थर है. हालाँकि मंडल कमीशन की रिपोर्ट को स्वीकार करने के बाद उनकी जाति और अन्य सवर्णों ने उन्हें सिर्फ गालिया ही दी लेकिन इसके बावजूद जब भी भारत के बहुजन समाज के हितो का प्रश्न आएगा, विश्वनाथ प्रताप सिंह की राजीनीतिक क़ुरबानी को भी याद किया जाएगा. मंडल दो को लागू करवाने में कांग्रेस सरकार में अर्जुन सिंह की भूमिका को भी हमेशा याद किया जाएगा. केंद्रीय मानव संशाधन विकास मंत्री के तौर पर शिक्षा को साम्प्रदायिकता से मुक्त करने के उनके प्रयास भी सराहनीय रहे है. मध्य प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चाहे मीडिया में कितना ही बदनाम होते रहे हों लेकिन अपने मुख्यमंत्रित्व काल में उन्होंने मध्य प्रदेश में डाइवर्सिटी के अजेंडा को लागू करने की कोशिश की. कांग्रेस पार्टी के अन्दर सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ खुलकर बोलने वालो में दिग्विजय सिंह प्रमुख रहे है. बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख नेता रघुवंश प्रसाद सिंह भी सामाजिक न्याय और समाजवादी आन्दोलन के प्रमुख हिस्सा रहे है. इनमे से किसी भी नेता ने खुले तौर पर अपने जातीय वर्चस्व की बात नहीं कही. चुनावो में अपने क्षेत्रो में जरुर जातिगत खेल होते रहे हों लेकिन न तो गाली गलोज की भाषा और न ही अपने मूल समाजवादी सेक्युलर चरित्र को इन सभी लोगो ने नहीं छोड़ा. लेकिन २०१४ के चुनावो के बाद से ही  भाजपा ने राजपूतो में उस तबके को प्रश्रय दिया जो अपनी जातीय अस्मिता के अलावा और कुछ नहीं देखे. योगी आदित्यनाथ, संगीत सोम और उन जैसे आग उगलने वाले ठाकुर नेताओं को आगे करके भाजपा ने दरअसल ब्राह्मणवाद का बड़ा सुरक्षा कवच ढूँढा क्योंकि आज उत्तर प्रदेश में बाकी जातिया ठाकुरों की इस दबंगई के खिलाफ कड़ी होंगी.

चुनावो में वोट के लिए राजपूतो के अन्दर छद्म राष्ट्रवाद और फर्जी बड़प्पन की बात कर उनके असली सवालो को गौण कर दिया गया है . सवाल ये है के आज के २१वे सदी में बड़ी कौम कौन मानी जायेगी ? उसका उत्तर बहुत सिंपल है . कोई कौम इस सन्दर्भ में बड़ी कही जायेगी के उसका शिक्षा, स्वस्थ्य, विज्ञानं, कानून, राजनीती, सिनेमा, खेल और  साहित्य में क्या योगदान है. वंशवादी मनुवादी राजशाही के चलते अपनी मूछो पर ताव् रखने वाले अपनी कौम का सर्वे कराकर देखे के उसकी हालत क्या है. उसके कितने अधिकारी है, कितने जज है, कितने पत्रकार है और फिर अपने पे गर्व करे . इन सभी क्षेत्रो में राजपूत बहुत पीछे है और उनके युवा अपने बदलाव के लिए कोई आन्दोलन भी करने को तैयार नहीं है. भ्रष्ट नेता इन युवाओं को कोई भी नया भविष्य नहीं दे सकते है इसलिए उन्हें संघ परिवार का सिपाही बनाकर इस्तेमाल किया जा रहा है जिसके बहुत लाभ नहीं होने वाले. आज जब युवा नए क्षितिज की और जा रहे है, राजपूत युवा केवल नेताओं के लठैत की भूमिका निभाएंगे तो कही के नहीं रहेंगे.

राजा महांराजाओ, तिलिस्मो, मिथ आदि में गर्व करना तो बहुत आसान है क्योंकि जो लोग इनके सहारे ही हमें जीने के तरीके बता रहे है वे जानते है के अगर समाज का कोई ‘महान’ राजा नहीं भी है तो ‘खबर’ और ‘इतिहास’ बनाने की व्हात्सप फैक्ट्री में वे इसे आसानी से तैयार कर सकते है जिससे वो युवा जिसे अपने रोजगार और साधनों के लिए रोजगार मांगना चाहिए था वो हिंदुत्व, जय श्री राम, जय राजपुताना और ऐसे ही नारे लगाता फिरता है.

करीब चार वर्ष पहले मै बेहमई गाव गया था. वहा मै पहले भी गया था क्योंकि मै फूलन देवी के गाँव शेखुपुरा, कालपी भी गया था. बेह्मही ठाकुरों का वह गाँव है जहाँ ऐसा बताया जाता है के डकेतो ने जो ठाकुर थे ,फूलन का अपहरण करके यहाँ रखा था और फिर उनके साथ बलात्कार किया गया था और बताया जाता है के गाँव के एक भी व्यक्ति ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की जिसके फलस्वरूप ही फूलन बहुत आक्रोशित हुई थ  और फिर यही १४  फरवरी १९८१ में उन्होंने और उनके साथियो ने अपने साथ हुए अत्याचार का बदला लेते हुए २० राजपूतो की हत्या कर दी थी.  देश भर में इन हत्याओं को लेकर बेहद शोर हुआ था. यहाँ की २० विधवाओं को लेकर अखबारों में कई कहानिया लिखी गयी लेकिन एक महिला के साथ बातकर मुझे इस समाज की दकियानूसी परम्परा पर बोलने की इच्छा हुई .

१४  फ़रवरी के हत्याकांड में लाल सिंह नामक युवक की मौत भी हुई थी जिसके उम्र करीब १२-१३ वर्ष की रही होगी उसकी सगाई पास के गाँव के मुन्नी से हुए थी जिसकी उम्र ९ वर्ष की थी. लाल सिंह की मौत के बाद, मुन्नी के भाइयो ने अपनी बहिन को विधवा बनाकर बेहमई गाँव भेजा. इतने वर्षो के बाद मुन्नी को देखकर मुझे इस समाज की दकियानुसी परम्परा पर इतना क्षोभ हुआ के व्यक्त नहीं कर सकता. बेहमई के आस पास के ८४ गाँव ठाकुरों के है और शादिया इन गाँवों में आपस में होती है. किसी ने विद्रोह किया तो उसे सामाजिक बहिष्कार झेलना पड़ेगा. मुन्नी अपनी पूरी उम्र विधवा बन कर रही. क्या करे ऐसे भाइयो का जिन्हें रीती रिवाज ज्यादा महत्वपूर्ण लगता है लेकिन अपनी बहिन की ख़ुशी नहीं.

राजपूत समाज में अभी भी महिलाओं की स्थिति बहुत ख़राब है. जो भी समाज रिजिड होगा और केवल पुरानी परम्पराओं में ही अपने शान समझता होगा तो वह औरतो की स्थिति बहुत ख़राब होगी. शायद यही कारण है के उन्नाव के विधायक ने जिस राजपूत लड़की के साथ बलात्कार किया उस लड़की के समर्थन में एक भी राजपूत महासभा या उनका नेता खड़ा नहीं हुआ. इससे अधिक शर्मनाक बात कुछ नहीं हो सकती.

तलवार और लम्बे टीका लगाकर या गाली गलोज कर आप समुदाय के अंदरूनी हालातो को छुपा नहीं सकते हो. राजपूतो को चाहिए के ब्राह्मण, बनिया, कायस्थ, भूमिहार आदि से अपनी तुलना करें और देखे के विकास के इंडेक्स में वे कहाँ है.संघ के  चालाक  ‘इतिहासकार’ उनके बच्चो का ध्यान बटाने के लिए दलितों और पिछडो के आरक्षण को इसके लिए दोषी ठहरा देंगे लेकिन इससे बड़ा झूठ कुछ नहीं हो सकता. आज राजपूतो की पुरानी शान का मोहरा बनाकर संघ परिवार में उनके पिछलग्गू नेता मात्र ब्राह्मणवाद की सेवा में समर्पित है और समाज के ज्वलंत प्रश्नों का उन्हें पता भी नहीं है. किसी भी समाज के नायक वो होते है जिन्होंने समाज में गरीब से गरीब तबके को बराबरी पर लाने के लिए संघर्ष किया हो या समाज बदलाव में कोई योगदान किया हो. इतिहास से हम सबक सीख सकते है उसमे रहते नहीं है. याद रहे के जितने भी राजा महारजा थे वे अपनी लड़ाई लड़ रहे थे और अपने हितो के अनुसार ही मुगलों के दोस्त और दुश्मन बने. खानदान में एक उनके साथ रहा तो दूसरे मुगलो के साथ खड़ा रहा और सबके अपने हित थे इसलिए उस दौर के राजाओं के आपसी खींचतान को आप वर्त्तमान परिपेक्ष्य में हिन्दू मुसलमान की लड़ाई में बदलकर अपना राजनैतिक एजेंडा तो चला लोगे लेकिन ये बहुत समय तक चलने वाला नहीं है. जैसे अपना इतिहास आप बना रहे है वैसे ही और भी जातिया अपने अपने नायक गढ़ रही है और इन सबसे केवल कुछ लोगो का अजेंडा काम कर रहा है जिन्हें हम पुरोहितवादी पूंजीवादी शक्तिया कह सकते है क्योंकि इसकी आड़ में उन्होंने अपने परम्परागत और पुश्तैनी धंधो को मज़बूत कर दिया है. दलितों ने तो व्यवस्था से सवाल पूछना शुरू किया और ब्राह्मणवादी परम्पराओं को नकार कर अपना रास्ता अपना लिया. पिछड़े भी अब सीख रहे है और अपनी राजनीती स्वयं कर रहे है, तो आप क्यों नहीं इतिहास और मिथ को चुनौती देते. क्यों आज परशुराम जयंती मनाई जा रही है जिसने क्षत्रियो की २१ पीढियों को समूल नष्ट कर देने की बात कही ? आज सड़ी गली परम्पराओं को महिमामंडन किया जा रहा है क्योंकि बदलाव से डर लग रहा है.

नेताओं का क्या वे तो ऐसे खेल खेलेंगे. नौकरिया ख़त्म है लेकिन अपने समाज के हाथ में एक छुन्छूना पकड़ा देंगे के सरकारी नौकरिया देंगे और फिर वोट की खातिर समाज को सडको पे उतार देंगे. आज के बदलते युग में ये घिसी पिटी बाते हो चुकी है जिससे समाज का भला होने वाला नहीं. समय है के युवा लोग अपने में बदलाव लायें और सामाजिक न्याय की शक्तियों के साथ जुड़े. जनतंत्र की सफलता विभिन्न जातियों, धर्मो आदि में केवल राजनैतिक सहयोग की नहीं अपितु सामाजिक गठबंधन में भी निहित है. पुराने राजे महाराजे आधारित वंशीय और जातीय दंभ समुदाय के नेताओं को भी कुछ समय तक ही ताकत देगा, लम्बे दौर में ऐसे नेता बेकाम रहेंगे और समाज ने अगर अभी से ये दंभ छोड़ कर अन्य मुख्य प्रश्नों में दूसरे लोगो के साथ राफ्ता कायम नहीं किया तो एक समय आएगा जब सारी दूसरी जातीया आपके खिलाफ खड़ी दिखाई देंगी और वो सबसे भयावह स्थिति होगी. सत्ताधारियो की जातीय उदंडता के विरुद्ध उत्तर प्रदेश की जनता ने हमेशा विद्रोह किया है, इसलिए भलाई इसी में है के मानवीय मूल्यों के लेकर समाज में सामंजस्य बनाया जाए और स्थानीय स्तर पर राजनैतिक गठबंधन बने लेकिन वो किसी समुदाय के विरुद्ध न हो. राजनैतिक लड़ाई लड़ते वक़्त आपसी रिश्ते इतने न ख़त्म कर दो के मिलने में दिक्कत हो. आप अपने पडोसी को नहीं बदल सकते और उनके साथ अच्छे रिश्ते बनाकर ही आप सुरक्षित रह सकते है. ये सोच कर की अपनी ताकत दिखाकर पडोसी को झुकाकर या भागकर आप चैन से रह पायेंगे तो ये ग़लतफ़हमी में कोई समाज न रहे. इस देश में साथ रहने और एक जुट रहने की एक ही गारंटी है के संविधानिक मूल्यों का ईमानदारी से पालन हो और ईमानदारी बिना भागीदारी के नहीं आ सकती लेकिन कोई ये सोचे के एक समाज को समाप्त कर या अपमानित कर उनकी जिंदगी आसान हो जायेगी तो उस पर कोई भी समझदार व्यक्ति हंस ही सकता है.

सहारनपुर के घटनाक्रम ने जहाँ सत्ताधारी दल और सरकार की असफलता को उजागर किया है वही इसने सामाजिक न्याय और अम्बेडकरवाद का झंडा उठाने वालो को भी सोचने पर मजबूर किया है. आखिर ये पार्टिया इस प्रश्न पर सहारनपुर के दलितों के साथ क्यों खड़ी नहीं दिखाई देती. बहुत से लोग सोशल मीडिया पर कह रहे हैं के योगी आदित्यनाथ साल के आखिर में चंद्रशेखर आज़ाद को रिहा कर देंगे ताकि वह बहिनजी के खिलाफ चुनाव लडे या बसपा को नुक्सान पहुचाये. ये बहुत ही निराशाजनक बात है क्योंकि चुनाव लड़ने की बात तो बाद में आएगी आखिर चंद्रशेखर के खिलाफ जो आरोप लगे है वे तो पूरे फर्जी है और उसके साथ अन्याय हुआ है. भीम आर्मी के लोग जेल में भेजे जा रहे है इसलिए जो भी राजनितिक पार्टियाँ है उन्हें समझदारी दिखाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पर दवाब डालना चाहिए के वे सारे मुकदमे वापस ले. 

समाजवादी पार्टी ओर कांग्रेस भी इस मामले में चुप रहे है शायद इसलिए के भाजपा का चालाकी का दांव में नहीं फंसे. लेकिन ये राजनितिक दलों और उनके कार्यकर्ताओं की असफलता है यदि हम ऐसे प्रश्नों पर इमानदार बहस नहीं कर सकते. दलितों पर हो रहे अत्याचार का प्रश्न मात्र दलितों का सवाल नहीं है, ये मात्र राजन्तैतिक हिसाब किताब का सवाल भी नहीं है अपितु मानवाधिकारों और संविधान की सर्वोच्चता का प्रश्न भी है क्या इस देश में कानून का शासन चलेगा या मनुवाद चलेगा.

भाजपा और संघ परिवार ने इस देश के ताने बाने को और नकारात्मक किया है और राजनितिक दलों पर बहुत दवाब डाला है. उनकी लगातार कोशिश रही है एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ खड़ा करके विभाजन का राजनैतिक फायदा उठाया जाए. उनके पास ऐसे दबंगों के फौज है चाहे वह बिकाऊ मीडिया हो या तथाकथित बुद्धिजीवी. हम जानते है के दूसरी पार्टिया उनके इस विभाजनकारी सवालो का जवाब देने में असफल रहे है. सहारनपुर में पार्टियों को सवर्णों के वोट का खतरा है लेकिन हम उनसे ये कहना चाहते है अपनी पार्टियों के सभी जातियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बैठाकर इन प्रश्नों पर चर्चा कीजिये. अगर भाजपा तोडती है तो आप जोडिये और सभी पक्षों को सामाजिक तौर पर साथ ला कर बात कीजिये लेकिन इसकी एक ही शर्त होगी के छुआछूत और जातीय सर्वोच्चता में यकीं करने वालो के साथ तो कोई बात नहीं हो सकती.


सहारनपुर के घटनाक्रम भारतीय लोकतंत्र में दबंगों की बढ़ती ताकत की कहानी भी है. ऐसी घटनाएं जानबूझकर फैलाकर पूरे प्रदेश में अराजक दबंको को राजनीती में घुसाने की तैय्यारी है और इसका दूसरा इलाज़ केवल सामाजिक न्याय की शक्तियों को आपस में साथ रहकर, अपनी लड़ाई मिलजुलकर लड़ने में ही है. विभाजनकारी ताकतों को आंबेडकर, फुले, पेरियार के सांस्कृतिक परिवर्तनवादी ताकते ही शिकस्त दे सकती है. उत्तर प्रदेश में राजनैतिक तौर पर तो इन ताकतों ने अपनी मौजूदगी का एहसास करवाया है लेकिन सांस्कृतिक और सामाजिक परिवर्तन में जब ऐसी शक्तिया सभी दबी कुचली जातियों को एक कर देंगी तो ब्राह्मणवादी बर्चास्व्वादी ताकते अपने आप ही नेस्तनाबूद हो जाएँगी और तभी उनसे प्रताड़ित सभी लोगो सामाजिक और सांस्कृतिक लोकतंत्र की खुली हवा में सांस ले पायेंगे. लड़ाई बहुत लम्बी है लेकिन असंभव नहीं है, केवल आवश्यकता बौधिक ईमानदारी की है. सहारनपुर में दलितों पर हुए अपराधो की जाँच हो और मुझे ये बात कहते हुए कोई गलत नहीं लगता के भीम सेना के सभी कार्यकर्ताओं को रिहा किया जाए और उनपर ठोके गए फर्जी मुकदमे सब वापस लिए जाएँ और ये बात की मांग करने में अगर राजनैतिक दलों को झिझक हो रही है तो फिर इससे बड़ी शर्मनाक बात कोई नहीं हो सकती.






Friday, 11 May 2018

अम्बेडकरवादी बुद्धिस्ट मिशन को समर्पित व्यक्तित्व : डॉ धरम कीर्ति











विद्या भूषण रावत

अगले माह वह अपना अस्सी वा जन्मदिवस मना रहे होते लेकिन प्रकति के नियमो के आगे हम सभी मजबूर है. बाबा साहेब आंबेडकर के विचारो को समर्पित और बौध साहित्य के विद्वान डॉ धर्म कीर्ति का कल रात को नयी दिल्ली के एक अस्पताल में  देहांत हो गया. वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे. उनकी प्रमुख पुस्तकों में कुछ इस प्रकार से हैं : महान बौद्ध दार्शनिक, बुद्ध का समाज शास्त्र, बुद्ध का निति शास्त्र, बुद्ध कालीन वर्णव्यवस्था और जाति, महान मनोचिकिस्तक बुद्ध, जाति विध्वंसक भगवान बुद्ध, मै नास्तिक क्यों , बौध धर्म हिन्दू धर्म की शाखा नहीं, गाँधी और गांधीवाद की दार्शनिक समीक्षा, मानवाधिकारों के पुरौधा डॉ बी आर आंबेडकर, महान बुद्धिवादी दार्शनिक डॉ अम्बेडकर आदि. विभिन्न बौध विद्वानों और दार्शनिको पर तो उन्होंने तमाम पुस्तके लिखी. बाबा साहेब के शिक्षा और वैचारिक क्रांति को उन्होंने अपने जीवन में जैसे उतार ही दिया था इसलिए तमाम बौध साहित्य न केवल पढ़ डाला अपितु उसमे महारत भी हासिल की.
आगरा की ऐतिहासिक धरती में पैदा हुए डॉ धर्मकीर्ति के परिवार के लोग आर्य समाज से प्रभावित थे और बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा बौध धर्म में आने की कॉल को सबसे पहले स्वीकारने वाले लोगो में थे. १९५६ में जब बाबा साहेब आंबेडकर आगरा के प्रसिद्ध रामलीला मैदान में आये तो उन्होंने लोगो को बुद्ध धर्म ग्रहण करने की बात कही थे. उसी समय बाबा साहेब आंबेडकर ने डॉ धर्मकीर्ति के घर के पास एक बुद्ध विहार का उद्घाटन भी किया. उस समय तक गाँव में एक शिव मंदिर था लेकिन आर्य समाज का असर होने से बहुत से गाँव-वासी वैसे भी मूर्ति पूजा नहीं करते थे इसलिए जब बाबा साहेब ने बौध धम्म दीक्षा की बात कही तो लोग तैयार हो गए लेकिन कुछ एक लोग इसके विरोध में थे लेकिन अंत में गाँव में लोगो ने शिव मंदिर को हटा बुद्ध विहार की स्थापना की ताकि बाबा साहेब के आह्वाहान का सही अर्थो में स्वागत हो सके.
डॉ धर्म कीर्ति ने बाबा साहेब की ऐतहासिक रैली में भाग लिया और उनके जीवन में सामाजिक और सांस्कृतिक परिवर्तन के विचारो का अत्यधिक प्रभाव पड़ा. पिछले वर्ष दिसंबर में मैंने उनका एक बेहद बड़ा साक्षात्कार लिया तो उन्होंने अपने जीवन के अनछुए पहलुओ के बारे में विस्तार से जानकारी दी.वह बताते है के जब बाबा साहेब ने प्रबुद्ध भारत की बात कही तो ये केवल दलितों के लिए ही नहीं थी वह चाहते थे के सवर्ण हिन्दू से भी कह रहे थे के यदि वे मानवता की सेवा और कल्याण चाहते है तो बुद्ध धम्म में आकर अपने में बदलाव लाये. बुध विहार में जहा पूरे मार्ग में बाबा साहेब के स्वागत में गुलाब के पंखुड़िया बिछी हुई थी, बाबा साहेब ने कहा के हिन्दुओ की तरह बुद्ध की पूजा मत करो. धम्म में मार्ग में मत आओ यदि आप बुद्ध को ढंग से समझे नहीं हो .यदि आप बुद्ध के मार्ग पर नहीं चल सकते तो विश्व्-व्यापी परिवर्तन नहीं ला पाओगे.
आगरा के इसी रामलीला मैदान में बाबा साहेब की आँखों में आंसू छलके थे जब उन्होंने कहा था समाज के  पढ़े लिखे लोगो ने उनकी उम्मीद के अनुसार काम नहीं किया. डॉ धर्मकीर्ति बताते है के हां ये बात सही है के बाबा साहेब ने ये बात कही के मेरे समाज के पढ़े लिखे लोगो ने मुझे धोखा दिया क्योंकि वे सत्ता के साथ समझौता करते थे और सफल होने के बाद समाज से नहीं जुड़े. सफलता के बाद व्यक्ति हमारे संघर्षो को नहीं पहचानता इसलिए आत्मगौरव कभी भी अहंकार में बदल सकता है. बाबा साहेब आत्मसम्मान चाहते थे लेकिन उसके अहंकार में बदल जाने के खतरे के बारे में लोगो को हमेशा आगाह करते रहते थे.
वे कहते है : ‘मै शिक्षा विभाग में एडिशनल डायरेक्टर पद से रिटायर हुआ. मेरा बेटा एक बड़ा एक आर्टिस्ट है. मेरी बेटी ने शोध किया और वो एक सम्मानित पद पर है. यदि मै गाँव में होता तो केवल खेती कर रहा होता. आज मै जो कुछ हूँ बाबा साहेब के कारण हूँ. लेकिन इसी हकीकत को स्वीकार करने में लोग हिचकते है’.
‘मैंने तीन विषयो में पी एच डी की, एक विषय में डी लिट् किया और एक में डी लिट् फिर से कर रहा हूँ, कोई विश्विद्यालयो और शोध संस्थानों में में लेक्चर दिए है. करीब ९० से अधिक पुस्तके लिखी है. क्योंकि मेरे मन में ये बात घर कर गयी के मुझे बाबा साहेब के मार्ग पर चलना है, ज्ञान का मार्ग. इसलिए मै हमेशा ऐसी कोशिश करता रहा’.
जब मैंने उनसे पूछा के तीन पी एच डी करने के पीछे क्या कारण था तो उन्होंने इससे सम्बंधित मज़ेदार वाकिया बताया . वह कहते है : “ मैंने आगरा विश्वविद्यालय से अपनी पहली पी एच डी की थी. एक दिन मै दिल्ली विश्विद्यालय के बुद्धिस्ट डिपार्टमेंट में बैठा था. एक मित्र ने पूछा तो मैंने बताया के मैंने आगरा विश्वविद्यालय से पी एच डी की है तो उन्होंने मजाक में मेरी बात को लिया और कहा के अगर असल पी एच डी करनी है तो यहाँ से करके दिखाओ. अब उन दिनों दिल्ली में पी एच डी करने के लिए पहले एम् फिल करनी होती थी जो मैंने नहीं की थी इसलिए मैंने एम् फिल का फार्म भरा और उसे पूरा किया. अगले वर्ष मैंने पी एच डी के लिए एनरोल किया और उसे एक वर्ष के अन्दर ही करके दे दिया. थीसिस लिखना मेरे लिए कोई बहुत बड़ी बात नहीं थी इसलिए आसानी से लिख दी. कुछ वर्षो बाद किसी सज्जन ने मुझे ताना मारा के मेरा विषय तो दर्शन है लेकिन उसमे कोई शोध नहीं है तो मैंने मेरठ विश्विद्यालय से उसे भी कर लिया.
1963  से डॉ धर्म कीर्ति ने आगरा के प्रसिद्ध बलवंत सिंह राजपूत कालेज में दर्शन शास्त्र विभाग में पढ़ाना शुरू किया जो के उस दौर में बहुत बड़ी बात थी. मैंने उनसे पुछा के क्या कभी उन्हें कालेज में जातिवाद नजर आया तो उन्होंने बताया के नहीं. हाँ एक घटना का जिक्र करके उन्होंने बताया के ‘कालेज के ऑफिस के सामने पानी पीने का एक घड़ा रखा रहता था जिससे सभी अध्यापक लोग पानी पीते थे लेकिन कालेज के क्लर्क ने मुझे वहा पानी पीने से साफ़ मना कर दिया. मैंने इसकी शिकायत वह के प्रचानाचार्य डाक्टर आर के सिंह से की जिन्होंने उस क्लर्क को बहुत बुरी तरह से झाड लगाईं के उसके बाद से वह प्रश्न ही ख़त्म हो गया’.
प्रारंभिक दौर के अम्बेडकरवादी विचारो से परिपक्व और कार्य प्रणाली में व्यवहारिक थे. वे किसी भी किस्म के पूर्वाग्रह से ग्रस्त नहीं थे. मैंने भगवान् दास जी, एल आर बाली आदि के साक्षत्कार भी किये और सभी से पता चला के उनका झुकाव बे सभी शुरूआती दौर में आर्य समाजी थे और अपने अन्दर प्रगतिशील विचारो के लिए बहुत हद तक आर्य समाज को भी जिम्मेवार बताते है. उसके अलावा सभी अपना झुकाव वामपंथ की और मानते थे हालाँकि सभी ने भारत में कम्युनिस्ट पार्टियों में जातिगत भेदभाव के विषय में व्यापक तौर पर लिखा और उसकी आलोचना भी की.
आगरा में राहुल संकृत्यायन जी का भी आना जाना लगा रहता था. डॉ धर्म कीर्ति जी बताते हैं के उनके राहुल जी के साथ बहुत अच्छे सम्बन्ध थे. वो कहते है राहुल जी ने एक बार कहा के जिसे मूर्ख बनना हो तो संस्कृत पढ़ सकता है. मैंने तो वो उम्र पार कर ली जब लोगो को मुर्ख बनाया जा सकता है. उनका कहना था का लिपि का कोई मूल्य नहीं होता. मुख्य महत्त्व तो उसमे मौजूद विचारों का है. सारे वेद , उपनिषद, पुराण, स्मृतिया संस्कृत में हैं इसलिए कोई मनुष्य इन्हें पढ़ेगा तो विचारों को पढने के लिए ही जाएगा लिपि नहीं और जो इन्हें पढ़ेगा वो तो पागल हो जाएगा.”
राहुल जी के बारे में एक दिलचस्प किस्सा सुनाते हुए वह कहते हैं : राहुल जी आगरा में किसी ऋषिकेश चतुर्वेदी के घर पे आया जाया करते थे और वहीँ से वह हमारे बुद्ध विहार में आते थे. एक दिन ऋषिकेश जी ने उनसे पूछ लिया के कहा जा रहे हो तो उन्होंने बताया के मैं बुद्ध विहार जा रहा हूँ तो चतुर्वेदी जी ने शायद कोई जातिसूचक टिपण्णी कर दी . राहुल जी से रहा नहीं गया बोले ‘ पांच हज़ार साल से तुम उनको मारते आये हो, अपमानित किये हो तो कुछ नहीं और आज यदि वो तुमको गाली भी दे दे, या तुम्हारी गर्दन भी काट दे तो भी ये बहुत कम होगा. उसके बाद वह हमेशा ही हमारे बुद्ध विहार में ही ठहरे’.
डाक्टर धर्म कीर्ति ने मुझे भदंत आनंद कौत्यल्यायन के साथ भी अपने संस्मरण सुनाये. ऐसा लगता था के वह अम्बेडकरी आन्दोलन के महतवपूर्ण इतिहास को अपने में समेंटे हुए थे इसलिए मेरे लिए यह जरुरी था के सबको दस्तावेजीकरण कर सकू.

डॉ धर्मकीर्ति को बौध दार्शिनिक धर्मकीर्ति ने बहुत प्रभावित किया और इसी कारण उन्होंने अपना नाम धर्म कीर्ति रखा. दरअसल उनके बचपन का नाम कालीचरण था. इस विषय में चर्चा करते हुए वह बताते हैं :
‘ मेरा नाम कालीचरण था . मेरे पिता जी आर्य समाजी थे. पंडित काली चरण शास्त्री नामक एक आर्य समाजी विद्वान थे जो संस्कृत, फ़ारसी और अरबी के विद्वान थे. मेरे पिता भी मुझे उन जैसा बनाना चाहते थे इसलिए मेरा नाम कालीचरण रख दिया. जब मैंने एम् ए और पी एच डी कर ली तो बी पी मौर्या ने मुझे सलाह दी के मैं अपना नाम बदल दूं. वो कहते थे के तुमने तो १९५६ में ही बुद्धिस्ट हो गए लेकिन नाम अभी भी वही चल रहा है इसलिए तुम्हे इसे बदलना चाहिए. मुझे भी ये नाम पसंद नहीं था. सवाल यह था का नया नाम क्या हो ? धर्म कीर्ति छटवी शताब्दी में नालंदा में एक बौध दार्शनिक थे. वह मूलतः केरला के रहने वाले ब्राह्मण थे जिन्होंने बुद्ध धर्म में आकर अपना नाम धर्मकीर्ति रखा. मैंने भी उनसे प्रभवित होकर अपना नाम आधिकारिक तौर पर १९९६ में धर्म कीर्ति रख दिया.”
मैंने पूछा आचार्य धर्मकीर्ति ने उनको कैसे प्रभावित किया तो डॉ धर्म कीर्ति उनका एक प्रमुख बात बताते है : यदि कोई वेदों को प्रमाण मानता है, और फिर उनके आधार पर ये मानता है के ईश्वर ने पृथ्वी की रचना की है, स्नान करके धर्म की पूर्ती होती है, कोई जातिवाद को मानते हुए छुआछूत करता है के ये ईश्वर की देन है, और पाप को नष्ट करने के लिए शरीर को कोई कष्ट देता है, तो इन लोगो की प्रज्ञा नष्ट हो गयी है. ये पांच चिन्ह मूर्खो की पहचान है.
डॉ धर्मकीर्ति का बौध धर्म और दर्शन पर गहन अध्ययन था. उनके विचारों पर राहुल संकृत्यायन और भदंत आनंद कौत्स्य्लायान का भी असर दिखाई देता है. वह मानते थे के बौध धर्म को भी ब्राह्मणों ने घेर लिया और ऐसी बातो को इसमें डालने की कोशिश की जो बुद्ध ने कभी कही ही नहीं.
मजेदार बात यह के डॉ धर्म कीर्ति ने भूदान आन्दोलन में भी बढ़ चढ़ कर हिस्सेदारी की. मैंने उनसे पुछा आखिर विनोबा के अध्यात्म को उन्होंने कैसे स्वीकार कर लिया जब वह अम्बेडकरवादी आन्दोलन से जुड़े हुए हैं तो उनका जवाब साफ़ था. वह बोले के मैं विनोबा के साथ उनके अध्यात्म के कारण नहीं अपितु भूदान आन्दोलन के कारण जुडा. मुझे लगा के हमारे लोगो को जमीन की जरुरत है और ऐसे में यदि कोई व्यक्ति आन्दोलन कर रहा हो जिससे हमारे समाज को लाभ होता हो तो क्या बुराई है. और इस आन्दोलन के चलते उन्होंने बहुत से लोगो को भूमि आवंटन करवाने में सहयोग किया.
डॉ धर्मकीर्ति ने जीवन पर्यंत अपने सिद्धांतो से समझौता नहीं किया. वह बी पी मौर्या के बहुत करीब थे लेकिन जब मौर्या ने भाजपा का दामन थामा तो उन्होंने साथ देने से इनकार कर दिया. भाजपा के लोगो ने उन्हें अपने पास बुलाने के बहुत प्रयास किये. वह कहते है के दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री श्री साहेब सिंह वर्मा ने उन्हें अपने यहाँ चाय पर बुलाया और उन्हें भाजपा में शामिल होने के दावत दी और राज्य सभा की सद्स्त्यता, या किसी कमीशन का पदभार या किसी राज्य का राज्यपाल आदि का प्रलोभन देने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने साफ़ इनकार कर दिया.


डाक्टर धर्मकीर्ति के पास विचारों और अनुभव का खजाना था. उनके जाने से अम्बेडकरी मिशन को बहुत अधिक हानि हुई है क्योंकि इस उम्र में भी उनमे मैंने पूरी ऊर्जा पाई. वह लगातार अध्ययन कर रहे थे और लिख भी रहे थे , इसलिए अचानक से उनका चले  जाना बहुत दुखदायी है. ऐसे समय में जब देश में दलितों के उपर हमले हैं और मनुवादी ताकते भिन्न भिन्न तरीको से सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत कर रही है और दलितों और अन्य प्रगतिशील मानववादी ताकतों पर हमला कर रही है, डॉ धर्मकीर्ति के ओजस्वी बाते उनको ताकत और उर्जा प्रदान करती. मुझे ख़ुशी है के मैं उनसे मिल पाया और लम्बी बात हो सकी. दुःख है के उनसे दोबारा बात नहीं हो पायी हालाँकि फोन पर बाते होती रही. फिर भी उनसे बात करके मुझे लगा के वह अम्बेडकरवाद को जीते थे और इसीलिए शायद उन्होंने अपने घर का नाम भी राजगृह रखा. उनके साथ हुई सम्पूर्ण बातचीत को आने वाले समय में youtube पर अपलोड करेंगे क्योंकि अम्बेडकरी आन्दोलन के लिए ये बड़ी धरोहर है. डाक्टर धर्मकीर्ति  को हमारा हार्दिक नमन.

Sunday, 22 April 2018

Lokaayat: बहुरुपिया : अपने पे हंस कर जग को हंसाया, बन के तमा...

Lokaayat: बहुरुपिया : अपने पे हंस कर जग को हंसाया, बन के तमा...: विद्या भूषण रावत “ झूठ बोल्यु नहीं, सच बोलने की आदत नहीं, धंधा ढेले का नहीं, फुर्सत एक मिनट की   नहीं, काका की दुकान कानपूर...

Saturday, 21 April 2018

बहुरुपिया : अपने पे हंस कर जग को हंसाया, बन के तमाशा मेले में आया..





विद्या भूषण रावत




“झूठ बोल्यु नहीं, सच बोलने की आदत नहीं,
धंधा ढेले का नहीं, फुर्सत एक मिनट की  नहीं,
काका की दुकान कानपूर, बाबा की बॉम्बे,
हमारो आज को कारोबार आज जोगिया गाँव में.
दादा जी की शादी आ गयी, जी मै दो दो मन का लड्डू बनवा दियो,
चार चार मन की पुडी उतरवा दी
आटा छोड़ बाटा परोस दिया ,
दो हलवाइयो ने  भट्टे पे झोंक दिया,

भगवान को ठाठ है, घर पे खाट भी नहीं है.”

ऐसे ही चटपटे अंदाज में होती है शमशाद और नौशाद बहुरूपियो के एंट्री. आज के दौर में लोगो को शायद ही याद हो के बहुरुपिया क्या होता है लेकिन लोकरंग २०१८ में उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद के फाजिलनगर कस्बे से करीब ६ किलोमीटर दूर जोगिया गाँव में, राजस्थान के दौसा जिले के बांदीकुई गाँव से भाग लेने आये शमशाद और नौशाद बहरूपिये अपने बेहतरीन अभिनय से लोगो का दिल जीत रहे थे. उनके वक्तव्यों में ह्यूमर अब आसानी से नहीं मिलता. लेकिन इस हास्य को वह जी रहे है और पूरे समाज का भी मनोरंजन भी करते है लेकिन इसके बावजूद समाज ने उन्हें क्या दिया ? अस्मिताओ का संघर्ष जारी है और उसके साथ ही आर्थिक हालत गंभीर. मुझे राज-कपूर के फिल्म मेरा नाम जोकर का वो गाना याद आया जिसमे वह गाते है : “कहता है जोकर सारा ज़माना, आधी हकीकत आधा फ़साना, चश्मा उतारो, फिर देखो यारो, दुनिया नयी है चेहरा पुराना.. अपने पे हंसकर जग को हंसाया, बनके तमाशा मेले में आया, हिन्दू न मुस्लिम, पूरब न पश्चिम, मज़हब है अपना हसना हसाना.”

इतने वर्षो में मैंने कलंदर, नट, बंजारे आदि समुदायों के बीच जाकर उनकी समस्याओ को समझने का प्रयास किया और उनके सांस्कृतिक मूल्यों को भी देखा जो हमारे जीवन में हास्य का बोध कराते लेकिन बदले में समाज के तिरस्कार के अलावा इन्हें कुछ न मिला. ये सभी समुदाय पुर्णतः भूमिहीन हैं और किसी भी गाँव में उनके रहने के लिए लोगो के दिल अभी तक बड़े नहीं हुए. छुआछूत और जातीय भेदभाव है लेकिन नाम मुस्लिम है इसलिए अनुसूचित जाति या पिछड़े वर्ग का होना का लाभ नहीं मिलता. न ग्रामीण भारत में विकास के नाम पर वो किसी के अजेंडे में और न ही हिन्दू मुस्लिम या अन्य किसी जातियों के लिए महत्वपूर्ण.  इसलिए जब ये दो भाई पारंपरिक पोशाको में लोगो का मनोरजन कर रहे थे तो मुझे उनकी प्रतिभा पे कोई शक नहीं हुआ लेकिन मै जानता था के प्रतिभा के बावजूद भी ये लोग आर्थिक तंगी और सामाजिक पृथकता के शिकार है. लोकरंग में चर्चा के लिए इस बार का विषय  ‘ सामाजिकता के निर्माण में लोक नाट्यो की भूमिका’ में इन प्रश्नों पर बहुत चर्चा हुई के कैसे लोककलाए ख़त्म हो रही है और फैशन परस्ती ने उन्हें ख़त्म कर दिया है. लेकिन ख़ुशी की बात ये है के १४ अप्रेल के दिन की चर्चाओं में कम से कम तीन साथियो ने बाबा साहेब के जिक्र के साथ ही लोक साहित्य में दलित विमर्श के प्रश्न को भी खड़ा कर दिया. शायद ये इस कार्यक्रम की उपलब्धि रही. खैर प्रश्न इस बात का है के लोक संस्कृति में यदि बहुजन विमर्श गायब रहेगा तो हम इसे उसे तरह से पूजेंगे जैसे गाँधी ने भारत के गाँवों को पूजा था. इसलिए लोकसंस्कृति की बहस में अम्बेडकरी विमर्श का आना भी जरुरी है ताकि लोग लोककलाओ में पूर्वाग्रहों के महिमामंडन से बचे और उसका फ्यूज़न कर नए दौर के अनुसार उसमे बदलाव कर सके. लोककलाओ के परिद्रश्य में बात करते समय यदि जोती बा फुले के किसान का कोड़ा और गुलामगिरी की चर्चा न हो तो उसके कोई मतलब नहीं.

दरअसल भारत में श्रमिक समाज ने ही कला को विकसित किया और उसमे जिंदगी भर समाये रहे. उस कला को उन्होंने न बिकने दिया और न ही उसका द्वेषपूर्ण इस्तेमाल किया इसलिए ब्राह्मणों ने उसे कुत्सित माना और ऐसी जातियों को अछूत बना दिया. आज भी ऐसी जातिया अपनी अस्मिताओ और आर्थिक स्वावलंबन के लिए झूझ रही है. जब कला जाति तक सीमित थी तो उन कलाओं को वर्णाश्रम धर्म ने हिकारत की दृष्टि से देखा लेकिन सदियों बाद जब परम्पराओं का बाज़ार लगा तो इन्ही सवर्ण जातियों ने उन कलाओं की दूकान सजा दी. शर्मनाक बात ये के इतने प्रतिभा के बावजूद कलंदर से लेकर नट, भांड, बंजारे और बहुरूपिये सभी अपने जीवन के सबसे नाजुक दौर से गुजर रहे है. ये बात कला तक ही सीमित नहीं है, बनारसी सारियाँ भले ही बाज़ार में महँगी मिलती हों लेकिन उनको बनाने वाले कारीगरों की हालात ख़राब है. ये वैश्वीकरण का दौर है जहाँ तकनीक और ज्ञान की धौंश पर ताकतवार अपना साम्राज्य खडा करते है और फिर उनके ‘मर्मज्ञ’ या ‘विशेषज्ञ’ बनकर उसे बचाने के लिए ‘खड़े’ होते है. सवाल है के कला के पारखी लोकसंस्कृति को बचाने के लिए इन जातियों और उनके पुश्तैनी धंधो को क्यों मज़बूत नहीं करते ? जब देश में कलाकारों का अभाव नज़र आता है तो इन समुदायों में हमारा पक्का ब्राह्मणवादी बॉलीवुड क्यों नहीं जाता. नट, नौटंकी सभी तो सिनेमा के परदे पर आये, कहानी भी बनी लेकिन सिनेमा के कलाकार के तौर पर इन समुदायों से किसी को भी हमारे सिनेमा में कलाकार के तौर पर प्रस्तुत करने में हमारा सिनेमा पुर्णतः असफल रहा और ये इसके जातीय चरित्र को भी दिखाता है . यही हाल थिएटर वालो का भी रहा जिन्होंने अभी तक ऐसे कुछ प्रस्तुत नहीं किया हो जहा नायक की भूमिका कोई बहरूपिया, नट, भांड या बनजारा समाज का कलाकार हो. इसलिए लोककलाओ के मर्मज्ञ अगर उसे जिन्दा रखने की बात करते है तो इन समाजो के आर्थिक विकास और सामाजिक इन्क्लुजन पर तो कोई विचार विमर्श करें. बहुजन समाज की कलाओं को टीप कर उसका मार्किट लगाकर रुपैया कमाना और क्रन्तिकारी दिखाना आसान है लेकिन क्या हम लोकाकलाओ के विमर्श से हासिये के समाज के जातीय उत्पीडन, छुआछूत और बर्चस्व की सामाजिकता के प्रश्नों को अलग रख सकते है.

शमशाद और नौशाद राजस्थान के दौसा जिले के बंदिकुइ गाँव से आते है. उनका जातिगत पेशा ही बहुरुपिया है और यह उनकी सातवी पुष्त काम कर रही है. हो सकता है इसके बाद उनके बच्चे इस पेशे में न आयें. बड़े भाई नौशाद बताते है के हमारी हालत ख़राब है, सरकारी स्कूल में बच्चे को पढ़ाकर कोई लाभ नहीं और प्राइवेट में भेजने के लिए हमारे पास पैसा नहीं है. १५ हज़ार से अधिक की आबादी वाला यह समुदाय पुर्णतः भूमिहीन है. ‘मेरी पीढ़ी ज्यादा हिन्दुओ में रही है. मेरे पिता जी शुभ्राती जी से मैंने सीखा.. उनका मूल नाम शिवराज था. उन्हें गाँव में शिवराज बहुरुपिया नाम से जाना जाता है.  उनके दादा का नाम गोपी. बहुरुपिया हमारा पुस्तैनी पेशा था. आज जब उन्हें आधार कार्ड बनाने में दिक्कत हुई  तो पिता का नाम बदलकर सुबराती बहुरुपिया लिखाया. लेकिन बहुरुपियो के इतिहास को थोडा टटोलना पड़ेगा . इनकी कहानी से मिलते जुलते अन्य घुमंतू समुदाय भी इन्ही हालातो में रह रहे है जिनका मुख्य पेशा नौटंकी, टैटू बनाना, मदारी का खेल दिखाना, बन्दर भालू नचाना उन्होंने हिन्दू और मुसलमान दोनों परम्पराओं को अपनाया, दोनों नाम चले और महिलाए सिन्दूर और बिंदी भी लगाती है. लेकिन बिना बहुत कुछ बड़े शोध के भी इस बात का हल्का विश्लेषण किया जा सकता है आखिर क्यो ये समुदाय ऐसा करते है ? मैंने कुशीनगर में रहने वाली हसीना नट से ये प्रश्न पूछा था के वह ये सिन्दूर क्यों लगाती है, तो उनका कहना था के क्योंकि वह अधिकतर हिन्दू लोगो में जाते हैं और उनकी परम्पराओं में ढलते है इसलिए ये एक मज़बूरी है. मुझे ऐसा लगता है के जातिवाद की घिनौनी व्यवस्था के चलते बहुरूपियो ने इस्लाम ग्रहण किया लेकिन मुसलमानों की बड़े वर्ग ने भी उन्हें नहीं अपनाया और वे भेदभाव का शिकार रहे. मस्जिद में नमाज़ साथ पढ़ देने से ही नहीं बराबरी नहीं आती. रोटी बेटी और सामाजिक स्वीकार्यता आदि और भी बाते है जो बहुरुपियो, नटो और ऐसे अन्य समाजो को नसीब नहीं हुआ इसलिए आर्थिक प्रश्नों के कारण उन्हें ‘जैसा देश वैसा भेष’ के सिद्धांत पर चलना पड़ता है. इसलिए जैसा गाँव वैसी परम्पराये और वेशभूषा. सभी लोग नवरात्रों, दश्हरो और अन्य त्योहारों को भी मानते है और ईद भी. नवरात्रों के व्रत भी लोग रखते है और रोजे भी, फलस्वरूप उनके ‘जजमान’ उन्हें खुश होकर कुछ दे देते है.  
इसलिए ये बात इनलोगों की जिंदगी से साबित होती है के केवल धर्म परिवर्तन से तो पेट नहीं भरता, अर्थ की भी बहुत बड़ी भूमिका है. इस समुदाय का पुस्तैनी पेशा मनोरंजन का था जिसके लिए अधिकांशतः हिन्दू सवर्णों या राजस्थान में कह दे तो राजपूतो में इनकी निर्भरता बहुत थी. शायद इसीलिये अभी भी बहुरूपिये मुस्लिम होने के बावजूद हिन्दू परम्पराओं और त्यौहारों को भी मनाते है. हालाँकि कुछ वर्षो में हिन्दू कट्टरपंथी उन्हें मुस्लिम नाम होने के कारण अलगथलग रखना चाहते है और इन समुदायों में भी परम्पराओं के नाम पर ऐसे तबके हावी हो गए जो उन्हें ऐसे ही देखना चाहते है ताकि वे हिन्दू पर्वो से दूरी बनाकर रख सके लेकिन अभी तक तो ऐसे तत्व बहुत ज्यादा नहीं है. मैंने शमशाद से यह प्रश्न पुछा के क्या उनके हिन्दू पात्रो को लेकर समुदाय में कोई विरोध है तो उन्होंने कहाँ

‘हमारे समुदाय में कोई विरोध नहीं है. मेरे पिता को मुस्लिम समाज ने सम्मानित किया क्योंकि उन्होंने हिन्दू मुस्लिम एकता की बात है. हमारा उद्देश्य कला को बचाना है. हम सामने वाले दर्शक के अनुसार काम करते है. मैंने भोलेनाथ, रामचंद्र जी, हरिश्चंद्र, नारद, श्रवन कुमार आदि के रोल किये है तो दूसरी और सेठ की भूमिका, लैला मजनू, जानी दुश्मन, शहंशाह अकबर आदि भी, इसलिए हमारे लिए तो हिन्दू मुसलमान दोनों बराबर और भाई भाई है’.

आज के दौर में तकनीक ने जहाँ मनोरजन को नए मुकाम पर पहुंचा दिया है वही ये समुदाय अभी भी अपने सबसे कठिन समय से गुजर रहा है. इस चुनौती को बताते हुए शमशाद कहते है :

‘पहले बहुत पैसे मिलते थे . आजकल मनोराज्नन के नए साधन आ गए है. इन्टरनेट आ गया है इसलिए बहुरुपिया को लोग अच्छे से नहीं देखते लेकिन पहले लोग इंतज़ार करते थे, हमारी जजमानी थी, वे हमारे कद्रदान थे, ख्याल रखते थे. लेकिन आज लोग हमसे पूछते है के आपमें बदलाव क्यों नहीं आया. इसके कारण है के हमारे पास आय का कोई जरिया नहीं है. किसी भी परिवर्तन के लिए कुछ साधन चाहिए. कोई स्थाई रोजगार नहीं है. यदि स्थाई रोजगार होता तो बहुरुपिया से अधिक बड़ा कोई कलाकार नहीं होता’. आज उनके मेकअप का खर्चा तक निकलना बहुत मुश्किल होता है इसलिए उनके घर की महिलाए उनके कपडे आदि स्वयं तैयार करती है. शमशाद के अनुसार : ‘मेकअप में चार सौ पांच सौ का खर्चा है. बाज़ार से खरीदेंगे तो हजारो का खर्च होता है. हमारे कलाकारों के पास मेकअप नहीं होता हम केवल घर पर हमारी महिलाओं के जरिये ही ये कार्य होता है. वे हमारे कपडे से लेकर अन्य मेकअप सामान तैयार करते है. पहले मेकअप का कांसेप्ट नहीं था केवल नक़ल करते थे.’

बहुरूपियो के साथ छुआछूत होती है, बहुत जातिभेद है, अपमान सहना पड़ता है लेकिन शायद सवर्णों या बड़े मुसलमानों में लोग इन कलाकारों के जरिये अपने अहम् की संतुष्टि भी करते थे. क्योंकि अधिकांश पैट्रन बड़े लोग थे अतः सभी बाते ‘जाति’ की ‘सीमाओं’ और ‘महानताओ’ के गुणगान में ही होती थी. बहुत कुरेदते कुरेदते जब मैंने पुछा के क्या आप लोगो कोई परिवार खाना खिलाता है या चाय पिलाता है तो शमशाद कहते है :

‘मानने न मनाने की सोच दुसरो में होनी चाहिए, हम तो सबको मानते है . हमें कोई चाय नहीं पिलाता. खाना खिलाने का तो कोई प्रश्न ही नहीं है. कभी कभार चाय की गुंजाइश होती है लेकिन हमारे लिए ऐसे व्यवस्था बाहर ही होती है. मतलब ये के इनके गिलास या थाली बाहर ही रखी होती है और उसी में चाय पीकर धोकर रखना पड़ता है.’

जब मैंने पुछा के आपने मुझसे बातचीत में ये बात क्यों नहीं बोली और क्यों मुझे घुमा फिरा कर इस बात का पता करने के लिए चाय और खाने की बात पर आना पड़ा तो शमशाद कहते है :
बहुरुपिया बहुत कमजोर वर्ग का है. हमारे पास कोई संघठन नहीं है. हम कोई दुश्मन नहीं लेना चाहते. हम मुहोब्बत करते है. हमारे पास कोई विकल्प नहीं है.

हम समझ सकते है के जब आपकी पूर्ण जीविका दूसरो पर निर्भर हो तो आप ऐसी व्यवस्था को चुनौती कैसे दे सकते है. हकीकत यह है के अनुसूचित जाति जनजाति के नियमो के तहत भी अधिकांश लोग इसीलिये ऍफ़ आई आर नहीं लिखवा सकते क्योंकि आर्थिक बहिष्कार का खतरा होता है लेकिन फिर भी शमशाद और नौशाद दोनों भाई कहते है के ‘जनता ने बहुत सहयोग किया और अब कर्त्तव्य सरकार का का है के क्या वह भारतीय लोक कला को वाकई में बचाना चाहती है. सरकार से कहना है के यदि आपको हमारी संस्कृति को बचाना है तो बहुरुपिया, नट, भांड आदि समुदायों पर विशेष ध्यान देना होगा और उनकी कला को बचाना होगा. उनके आर्थिक सशक्तिकरण पर ध्यान देना होगा.

दोनों भाइयो को बहुरुपिया बनते सालो हो गया. बचपन से ही अपने पिता के साथ काम करते करते आज पूरे देश में उनका नाम है. लेकिन दर्द है के रहने के लिए छत नहीं और बच्चो को बढ़िया स्कूल में भेजने के लिए पैसे नहीं है. आखिर ये काम क्यों करे अगर सम्मान सहित नहीं रह सकते.
हमारे पिताजी ६ बच्चो को पालने वाले थे. उनके पास कोई विकल्प नहीं था. उस समय फिर भी गुजारा हो जाता है लेकिन आज बहुत मुश्किल है. वैसे भी सिनेमा, इन्टरनेट, टीवी आदि से लोगो के रोजगार पे असर पड़ा है. आज कोई उनका इंतज़ार नहीं करता इसलिए अगर पर्याप्त कमाई नहीं है तो कोई भी परिवार अपने बच्चो को इस पेशे में नहीं डालेगा. लेकिन पेट में अगर दाना नहीं तो कला का वह क्या करेगा.

आज उनके परिवार के जिन्दा रहने के लिए सभी काम करते है. शमशाद कहते है :
हमारा पूरा परिवार एक साथ रहता है और एक साथ कमाता है. भारत सरकार के संस्कृति मंत्रायल के लिए काम करते है. प्रति कलाकार आठ सौ से हज़ार रुपैया तक मिलता है. मेकअप और रस्ते का खर्चा नहीं मिलता. अभी तो काम मिल जाता है लेकिन और लोगो को नहीं मिलता. ६ लोगो की आमदनी सरकार देती है. लेकिन ६ महीने ही काम मिलता है. फिर वह अपने जजमान के पास जाते है जो अधिकांशतः राजपूत है. समझ सकते है के सामाजिक बदलाव या मनुवादी सत्ता को अभी भी सांस्कृतिक चुनौती देने वाला कोई डायलाग हमें बहुत कम दिखाई देता है तो इसके आर्थिक कारण है. व्यक्तिगत जीवन में इन्होने इस्लाम अपना लिया लेकिन अभी भी स्वीकार्यता और आर्थिक तंगी होने से इनकी स्थिती बहुत मुशिकल हालातो वाली है क्योंकि सरकार का कोई ध्यान नहीं है.
अगर भारत में लोककलाओ को जिन्दा रखना है तो उनके लिए समर्पित समाजो के लिए कार्य करने की जरुरत है. समाज में प्रतिभाओं का अम्बार लगा है लेकिन ब्राह्मणवादी ढोंगी मेरिटधारियों की नज़र इनके टैलेंट और हुनर पर नहीं जाति. कला के जरिये भारत ने ज्ञान में जातिभेद किया . लोककलाओ के पोषक और प्रवर्तक बहुजन समाज के लोग थे इसलिए उन्हें हासिये पर रखा गया और जब ब्राह्मणों का ‘आशीर्वाद ‘ इन ‘कलाओ ‘ को मिल गया तो सवर्ण ‘कलाकार’ पनपने लगे और पैसो का अम्बार लग गया और नयी कला को ‘शास्त्रीय’ कह दिया गया..

इन बुरे हालातो में भी बहुरुपिया जैसे प्रेम बरसाते रहते है. उनके साथ दो बच्चे जो लंगूर के भेष में है वे सैनी बिरादरी से है, हालाँकि मुझे उसमे भी कुछ शक लगा क्योंकि राजस्थान में सैनी समाज तो अपने बच्चो को बहुरूपियो के साथ नहीं भेजेगा और दुसरे ये के बच्चे बता रहे थे के वे अनुसूचित जाति से आते है.

बहुरुपिया समाज की स्थिति ये है के उसको किसी भी केटेगरी में नहीं रखा गया है इसलिए आरक्षण की परिधि से वह बाहर है. छुआछूत और जातीय उत्पीडन का शिकार होने पर भी उन्हें अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम की धाराओं से कोई सुरक्षा नहीं क्योंकि मुस्लिम होने के कारण उन्हें दलित नहीं माना जाता और न ही पसमांदा आन्दोलन या मुख्यधारा का कोई और आन्दोलन उन तक पहुंचा. सवर्णों के कुछ वर्ग उनकी ‘कला’ का ‘सम्मान’ करते है लेकिन उससे तो उनका पेट नहीं भरता. लगभग पूरा समाज भूमिहीन है और सरकार की योजनाओं से बाहर. सरकारी काम ६ महीने से ज्यादा का नहीं होता और बाकी छे महीने ये गाँव में जाते है और मज़बूरी है के पूरे परिवार के साथ जाएँ क्योंकि बिना परिवार के इन्हें कोई रहने की जगह नहीं देता. अब आप समझ सकते है यदि ये लोग हमेशा इधर उधर जाते रहेंगे तो बच्चे पढेंगे कैसे ? इन ६ महीनो में गुजारा कैसे होता है, उसके बारे में शमशाद बताते है :
गाँव में हम पूरे परिवार के साथ जाते है. पांच सात दिन खेल तमाशा करते है. पैसे के लिए अपने जजमान के पास जाते है. एक महीने का समय लगता है.एक महीने में तीन से चार हज़ार रुपैया कमाते है. जजमान हमें कुछ अनाज देते है और उसी से हमारा गुजारा चलता है.

बहुरूपियो में महिलाओं का काम केवल घर के अन्दर का है. वे इनके कपडे इत्यादि सिलती है और बच्चो की जिम्मेवारी संभालती है. पुरुष लोगो बाहर काम करते है. इन्हें ५२ कलाओं में पारंगत माना जाता है, मतलब ये के ५२ रूप धारण कर सकते है परन्तु आज के दौर में समस्या ये है के इनलोगों को ‘बाज़ार’ के अनुसार भी चलना पड़ता है. उनके मेकअप महंगे है और जो रंग इत्यादि ये सजने में इस्तेमाल करते है उससे त्वचा इत्यादि की समस्याए होती है. रंग से इन्फेक्शन होता है और आंखे अक्सर लाल होती है. क्योंकि पुस्तैनी कार्य है इसलिए ये लोग कर रहे है और स्वयं को संतुष्ट करने के लिए ये कहते है के ‘गॉड गिफ्ट’ है . सवाल इस बात का है के भगवान् आखिर अपने सबसे ज्यादा चाहने वाले इमानदार लोगो को ही सजा क्यों देता है. आखिर उन्होंने तो राम, कृष्ण, भोले, अकबर, सलीम, सेठ आदि सभी के रोल किये है तो कुछ तो दया आनी चाहिए भगवान को.
शायद उन्हें पता चल चूका है के यदि भगवान् है भी तो इनके काम का नहीं है इसलिए वे कह रहे है
शमशाद  



बड़े भाई नौशाद के साथ 


के उनके लिए आरक्षण की व्यवस्था हो, उनके बच्चो को नौकरी मिले, शिक्षा में भी विशेष ध्यान दिया जाए ताकि ये समाज जो सदियों से  दूसरो का मनोरजन करता आया है उसका भी विकास हो सके और वो भी सर उठा के जी सके. क्या ये गंभीर चिंतन का विषय नहीं जब भारत में मनोरजन और कला उद्योगों में सबसे ज्यादा पैसा है तब कला के पारखी और उसको नित्य जीने वाले कलाकार समुदाय अपने जीवन में आत्मसम्मान और आर्थिक स्वावलंबन के लिए अभी भी दर दर को मोहताज है. भारत के जातीय सामाजिक व्यवस्था की इससे ज्यादा कुत्सित बात क्या हो सकती है  कला को जीने वाला और दूसरो का सस्ते में मनोरजन करने वाला समाज आजादी के ७० वर्षो के बाद भी छुअछूत और जातीय भेदभाव के चलते हासिये पे है और सम्मान की जिंदगी के लिए संघर्षरत है. अब समय आ गया है के पसमांदा आन्दोलन के लोग और स्वाभिमान के लिए संघर्षरत अम्बेडकरवादी आन्दोलन के साथी इन जातियों तक पहुंचे और बाबा साहेब अम्बेडकर का सन्देश उनतक पहुंचाए ताकि वे सभी अपने समाज में बदलाव ला सके और रुढ़िवादी परम्पराओं  से बाहर निकलकर सम्मानपूर्वक जिंदगी जी सके. मानवाधिकारों के लिए संघर्षरत संघठनो का भी दायित्व है के वे इन समाजो को सरकारी योजनाओं में शामिल करवाए ताके उनके साथ अन्याय न हो. बहुरुपिया समाज बदलाव के लिए कराह रहा है और हम उम्मीद करते है के बदलाव के सभी चाहने वाले उनकी कला को भी प्रोत्साहन देंगे बल्कि उनके आर्थिक सामाजिक स्वावलंबन के लिए भी काम करेंगे.



मनु और विज्ञानं

विद्या भूषण रावत
आज दिल्ली से प्रकाशित कई अखबारों में एक खबर ने सबका ध्यान आकर्षित किया और वो यह के पुणे में भारतीय मौसम विज्ञानं केंद्र में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर तैनात वैज्ञानिक डाक्टर मेधा खोले ने  पुलिस थाने में अपने घर पर खाना बनाने वाली महिला निर्मला यादव के विरुद्ध झूठ बोलने और जाति छिपाने की शिकायत दर्ज करवाई है . मेधा खोले का कहना है के वह ब्राह्मण हैं और उन्हें अपने घर में खाना बनाने के लिए एक ब्राह्मण महिला चाहिए थी ताकि वो अपनी परम्पराओं का निर्वहन कर सके और यह के निर्मला ने अपने को ब्राह्मण बता कर नौकरी ली जबकि निर्मला का कहना है के मेधा  के घर के पंडित उनको जानते थे और उन्होंने ही हमें ये काम दिलवाया. पिछले कुछ महीने से उनको पैसे भी नहीं मिले हैं और जब उन्होने पैसे मांगे तो उनके खिलाफ इस प्रकार की शिकायत दर्ज करवा दी गयी जिसने कुछ नहीं तो ब्राह्मणवादी पूर्वाग्रहों के पोल खोल के रख दी है . वैसे इस क्रूर सच्चाई से इनकार नहीं किया जा सकता के किराये पर मकान ढूँढने, खाना बनाने की नौकरी तक के लिए लोग जाति के आधार पर ही ‘अवसर ‘ देते हैं . एक रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली की प्राइवेट कंपनियों में नौकरी के आवदेन के लिए जाति के अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ी जाति या मुस्लिम होने पर आपको नौकरियों में इंटरव्यू तक के लिए बुलाने की बहुत कम सम्भावना है, इसलिए कई बार लोग अपनी जाति छुपा देते हैं लेकिन ऐसा करना इस समाज की क्रूर ओर वीभत्स हकीकत पर पर्दा डालना ही होता है. लेकिन लोगो की अपनी मजबूरिया हैं .
इसलिए जो लोग भारत के सांस्कृतिक ढांचे को नहीं समझते उनके लिए पुणे की घटना यह बहुत बड़ी कहानी है और हो भी क्यों न क्योंकि एक वैज्ञानिक अपने घर की कुक के खिलाफ झूठी होने का आरोप लगा रही है क्योंकि उसने अपनी जाति छुपाई. माना के कुक ने नौकरी प्राप्त करने के लिए अपने को ब्राह्मण बता दिया तो प्रश्न यह है के उससे क्या नुक्सान हुआ . यदि उसके काम में कोई कमी होती तो शिकायत वाजिब हो सकती थी लेकिन माननीय वैज्ञानिक महोदय ने उस पर अपने धर्म को भ्रष्ट करने का आरोप लगाया . हकीकत में हमें बहुत अफ़सोस नहीं होना चाहिए क्योंकि मनुवादी वर्णवादी व्यस्था में तो आपकी योग्यता आपकी जाति से ही है. वैज्ञानिक साहिबा को इससे मतलब नहीं था उन्हें निर्मला के हाथ का खाना या घर पर उसकी सफाई या केयर कैसे थी और निसंदेह अच्छी रही होगी क्योंकि इसकी कोई शिकायत उन्होंने नहीं की लेकिन क्योंकि निर्मला पिछड़ी जाति से आती है इसलिए उनके सारे गुण अवगुणों में बदल गए और उन पर अपनी जाति छुपाने का आरोप लगा दिया गया .
मैं तो कई वर्षो से साफ़ कह रहा हूँ के भारत में सबसे ज्यादा अवैज्ञानिक और वर्णवादी वे लोग हैं जिनसे ऐसा होने की उम्मीद नहीं की जाती. यानि , भारत में विज्ञानं, तकनीक, व्यसाय, मेडिकल, मैनेजमेंट, कानून और मीडिया आदि के ‘विशेषज्ञों’ का अगर विश्लेषण किया जाय तो अधिकांश घोर पुरंतान्पंथी और जातिवादी मिलेंगे. ये भारत की सबसे बड़ी चुनौती है और जो लोग इन विधाओं में आ रहे हैं वो इनको समर्पित नहीं है अपितु इनका ‘विशेषज्ञ’ बनकर खूब पैसा कमाने की उत्कंठा के साथ वे इन विधाओं में आते हैं. इनमे बहुत बिरले ही होंगे जो अपनी विधा के विकास और उसको आम जनता में प्रसारित करने और अपने उद्देश्य के प्रति पुर्णतः समर्पित हों . मैंने बहुत बड़े बड़े डॉक्टर्स को पुरोहितो के आगे नतमस्तक देखा है . दिल्ली के अधिकांश अस्पतालों के आई सी यू के द्वार पर भगवान, साईं, और अन्य किसी देवी देवता की तस्वीर और उस पर लोगो का चढ़ावा आपको दिखाई दे तो आपको आश्चर्य नहीं होना चाहिए. सरकारी अस्पतालों में डाक्टर पोस्टमार्टम करते वक़्त डेड बॉडी को भी नहीं छूते. छोटे कस्बो में डाक्टरों की भी सबकी जातिया पता होती हैं और वो मरीज को दूर से ही ‘देख’ देते हैं. एक बार दिल्ली के एक प्रतिष्ठित मेडिकल कालेज में मुझे अपनी बात करने से एक बड़े ‘प्रोफेसर’ ने रोक दिया था क्योंकि उन्हें लगा मैं ‘जातिवादी’ हूँ क्योंकि मैंने प्रवीण तोगड़िया की मेडिकल एथिक्स की बात की और दिल्ली में दो सफाई कर्मचारियों की मौत पर उनके परिवार वालो के उन आरोपों को दोहराया के डाक्टरों ने उनका ठीक से इलाज़ नहीं किया और उनको छुआ तक नहीं . मेडिकल रिपोर्ट में उनलोगों को, जो एक प्रतिष्ठित सरकारी संसथान में सीवर की सफाई में मारे गए, डाक्टरों ने, लावारिश दिखाया. ऐसे भी डॉक्टर हैं जिनके हस्पतालो में गायत्री मन्त्र चलते रहते हैं और इसको वो ‘मानसिक’ स्वास्थ्य लाभ के लिए जरुरी बताते है, बहुत से ‘विशेषज्ञ’ तनावग्रस्त लोगो को उससे मुक्त होने के लिए ‘धार्मिक चैनल’ देखने और ‘धर्म’ की पुस्तकों और ‘धार्मिक प्रवचनों’ को सुनने के सलाह देते हैं .क्या धार्मिक लोगो के अलावा नैतिकता और तनाव दूर करने के लिए और किसी ने कोई बात नहीं की है ?
दो दिन महीने पूर्व मुझे दिल्ली आई आई टी के एक दो छात्रो से मिलने का अवसर मिला. ये उत्तराखंड के एक छोटे से कसबे में कैंप कर रहे थे और वह के करीब ४० बच्चो को आई आई टी के लिए तैयार कर रहे थे . हम भी अपने साथियो के साथ वह कैंप कर रहे थे और सामाजिक मुद्दों पर चर्चाये करते थे. एक दिन शाम को उन छात्रो को लगा के हमारे साथ बैठ कर चर्चा करे. बात ही बात में पता चल गया के दलित-पिछडो का नाम सुनकर उनके दिमाग में कैसे ख्याल आता है के उनमे मेरिट नहीं होती और वो कोटा से आते हैं . हमने बताया के अभी तो आई आई टी और सिविल सर्विसेज में दलित पिछड़े छात्र अब टॉप कर रहे हैं और जनरल सीट से आ रहे हैं लेकिन अब सरकार ये कहना चाहती है के तुम केवल अपने कोटा से ही आ सकते हो. हमारी बहस आगे बढ़ती गयी और अन्धविश्वास पर पहुँच गयी . हमने शिक्षा में भगवाकरण की बात की और पूछा के जब बच्चे ये पढेंगे के पुष्पक विमान की खोज भारत में हो चुकी थी या प्लास्टिक सर्जरी तो शंकर जी ने गणेश जी की कर दी थी अथवा हनुमान सीधे रामेश्वरम से छलांग लगा कर लंका पहुँच गए या उन्होंने बचपन में सूरज को निगल दिया था तो हमारे मेरिटवादी वैज्ञानिक चिन्तक बोले ऐसा संभव था . बात बात में पता चल गया के वह मंगलवार को प्रसाद चढाते हैं और व्रत रखते हैं . हमें उनके ‘संस्कारो’ से कोई आपति नहीं थी लेकिन प्रश्न था उनके चिंतन का के किस तरह हमारे वैज्ञानिक समाज का मनुवादिकरण हो चूका है . क्या हमें नहीं दिखाई देता के हमारे देश के वैज्ञानिक अब केवल तकनीक विशेषज्ञ है जिन्हें मंगल्यान छोड़ने के लिए एक पुरोहित को बुलाकर नारियल फोड़कर शुरुआत करनी पड़ती है .
अगर देश में वैज्ञानिक चिंतन होता तो तमिलनाडु के दलित छात्रा अनीता जैसी लडकियों को पढने के लिए सपोर्ट करने वाले बहुत लोग मिल जाते लेकिन ऐसा सोचने वालो की भी कमी नहीं के एक दलित समाज की लड़की कैसे डॉक्टर बनने के सपने देख रही है . आज भी हासिये के विभिन्न समाजो  से निकले हैं साथियो के लिए जब नौकरी की बात होती है तो अधिकांश लोग उनसे उम्मीद करते हैं के अपनी ‘विरासत’ संभाले . यानि ये समाज अभी भी मान रहा है के सफाई का काम एक विशेष समुदाय ही करे और ‘ज्ञान’ पर सिर्फ एक ही समुदाय का एकाधिकार रहे .
वैज्ञानिक चिंतन आखिर कैसे आएगा इस समाज में और क्यों आएगा ? जो वैज्ञानिक चिंतन लाएगा तो रुढिवादिता, झूठ और ठगी पर आधारित वर्णव्यवस्था की जड़ो को तोड़ेगा लेकिन मैं दावे के साथ कह सकता हूँ के आने वाले समय में कुत्ते के पिल्लो की तरह हमारी नस्ल की क्वालिटी भी ‘वैज्ञानिक तरिको’ से बताई जायेगी और फिर हमारी जातिवादी व्यवस्था को सही साबित किया जाएगा . वैसे भी हिंदुत्व के नए डॉक्टर अभी ‘विशेष’ नस्ल के बच्चे चाहते हैं. अभी भी देश में कृत्रिम गर्भाधान के लिए ‘ब्राह्मण वीर्य’ भी विशेष तौर पर रखा जा रहा है . इसलिए विज्ञान और ज्ञान का इस्तेमाल वैज्ञानिक चिंतन के लिए ब्राह्मणवादी प्रभुत्ववाद को मज़बूत करने और सहित साबित करने के लिए हो रहा है.
देश के अस्पतालों का हाल बुरा है . गोरखपुर में इतने बच्चे मरे लेकिन देश में कुछ विशेष नहीं हुआ . रोज सरकारी अस्पतालों में बच्चे मर रहे हैं लेकिन किसको चिंता है ? कौन ये बच्चे जो बिना इलाज के मर रहे हैं . कौन है ये बच्चे तो दिमागी ज्वर से मर रहे हैं. अगर सर्वे करवाएंगे तो पता चलेगा तो अधिंकांश दलित पिछड़ी आदिवासियों के बच्चे हैं और डाक्टरों से लेकर सरकार तक किसी का उनको बचाने में इंटरेस्ट नहीं है . देश में लोगो का खून भी नहीं खोलता लेकिन एक बाबा के लिए जान देने वालो की कमी नहीं है . गरीब जनता को विज्ञानं से दूर रखकर हमने उन्हें मक्कार बाबाओ और पुरोहितो के फर्जीवाड़े में शामिल करवा दिया है . जब बच्चे मरेंगे , लोगो के पास इलाज के लिए पैसे नहीं होंगे , लड़की से छुटकारा पाने के लिए उसका चरित्र हनन कर बाबाओ के नरक में फेंका जाएगा तो कौन सा वैज्ञानिक चिंतन आने वाला है . विज्ञानं भारत में मनुवादी एकाधिकारवाद के लिए तुरुप का पट्टा है क्योंकि ये लोग वैज्ञानिक चिंतन नहीं बढ़ाना चाहते अपितु विज्ञानं या अन्य ‘ज्ञान’ का इस्तेमाल अपने व्यासायिक और राजनैतिक हितो को बढाने के लिए कर रहे हैं .
वैज्ञानिक दृष्टिकोण के अभाव में समाज या दर्शन में चिंतन की जगह चमत्कार शुरू हो जाता है और इसलिए लोग अपने जीवन में बदलाव के लिए संघर्ष के रस्ते को छोड़कर मसीहाओ की शरण में जाते हैं और येही हमारे समाज की दुर्गति का कारण है . मसीहाई संस्कृति ने लोगो का इतना शोषण कर दिया के रोज देश में बाबाओं के पाखंडो की कतार लग रही है और लोग आत्मचिंतन करने की बजाये अपने गुरुओ पर इतनी अंधश्रधा दिखा रहे हैं के उनके दिमाग के सभी अंग बंद हो गए दीखते हैं . ऐसे में देश में लोकतंत्र खतरे में है क्योंकिं वो हमने बाबाओं के ‘शातिर’ दिमागों के पास गिरवी रख दिया जो आपसे कभी सवाल करने की उम्मीद नहीं करते . भक्ति में शक्ति का नारा देकर हमारे दर्शन ने लोगो के दिमाग को बंद कर दिया फलस्वरूप शोषण की प्रक्रिया जारी है और शोषितों से प्रश्न नहीं पूछे जा सकते क्योंकि अंततः ऐसी व्यवस्था में दोष मूलतः शोषितों के ही मथ्थे मढ दिया जाता है .

इसलिए भारतीय समाज में व्याप्त जातिवादी अवैज्ञानिक चिंतन का पर्दाफास करने के लिए हमें ब्राह्मण वैज्ञानिक मेधा जी का धन्यवाद करना चाहिए जो उन लोगो से बहुत अच्छी और अपनी ‘विचारधारा’ पर चलने वाली हैं, जो कहते कुछ और हैं और अन्दर से कूट कूट कर घृणा और जाति की सर्वोच्चता का बखान करते हैं . कम से कम उन्होंने तो सीधे सीधे कहा के निर्मला ‘छोटी’ जाति की हैं और उसके हाथ का खाना खा कर उनका धर्म भ्रष्ट हुआ है . ऐसा तो भारत के अधिकांश लोग कहते हैं और वो थोडा संविधान के डर से छुपकर काम करते हैं और बहुत से लोग तो डरते भी नहीं है और खुले तौर पर अपनी जाति की सर्वोच्चता  का डंका बजाते रहते हैं . इसलिए  मेधा जी के द्वारा की गयी ऍफ़ आई आर से दुनिया भर के लोगो को शायद पता चल गया होगा के भारत किस प्रकार की ‘मानसिक’ बीमारी का शिकार है ? वर्णवाद, पुरोहितवाद और छुआछूत की बीमारी से जब तक हम बाहर नहीं आ पाए तो समाज को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से युक्त नहीं बना सकते हैं. अब ये सोचना जरुरी है के वैज्ञानिक  चिंतन  पहले जरुरी है वर्णव्यस्था का खात्मा या पहले वर्णव्यस्था का विनाश करे तो समाज वैज्ञानिक चिंतन की और जाएगा और फिर हम एक गैर बराबरी का समाज बना पाएंगे . ये बात सभी सोच ले के यदि भारत के लोगो का दिमाग नहीं बदला या उन्होंने अपने अन्दर से जातिवादी घिनौनी विचारधारा को नहीं फेंका तो इस देश में अराजकता के अलावा कुछ नहीं बचेगा जिसमे कोई विजेता नहीं होगी अपितु सभी हारे योद्धा एक दुसरे को नीच दिखाने की कोशिश करेंगे .ये बात जरुर है के लोगो के अन्दर भी ऐसी घटनाओं के चलते विद्रोह के स्वर बुलंद करने चाहिए. आश्चर्य इस बात का है बुद्ध, बाबा साहेब, फुले, पेरियार, कबीर, रैदास, राहुल संकृत्यायन, भगत सिंह आदि के विशाल मानववादी तर्कवादी दर्शन के बावजूद हमारे समाज में जड़ता की स्थिति है जिसे राहुल जी बहुत सही मानसिक गुलामी बताया था. ब्राह्मणवाद ने लोगो को मानसिक तौर पर गुलाम बनाया जिसके कारण शोषित शोषक के खिलाफ विद्रोह करने के स्वयं को ही दोषी ठहराता है . जरुरत है इस गुलामी की मानसिकता और संस्कृति से विद्रोह का और मानववादी संस्कृति को अपनाने की ताकि शोषण की इस व्यवस्था के लिए जो मुफ्त में मजूदरी देने वाले उनका काम करना बंद करें . आश्चर्य है के हमारे पास सब कुछ है, सिद्धांत है, दार्शनिक है, मनीषी है और वर्णवादी व्यस्था का शिकार लोग भी है लेकिन ये समझ कब आएगा के जो कुछ हो रहा है वो भाग्य नहीं कुटिलतापूर्वक किया गया वैचारिक अन्याय है ?