Showing posts with label Hindutva. Show all posts
Showing posts with label Hindutva. Show all posts

Friday, 6 July 2018

उत्पीडन की संस्कृति के विकल्प की जरुरत


   

विद्या भूषण रावत

पिछले दो हफ्तों में तीन बड़ी घटनाएं हुई है जिनपर जैसी चर्चा होनी चाहिए वैसे नहीं दिखाई दी क्योंकि गत चार वर्षो में हमारे देश के मीडिया ने मुद्दों से ध्यान भटकाने की ‘कला’ में जो महारत हासिल की है वो दुनिया के किसी भी देश से ज्यादा होगी. पाकिस्तान, नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में भी मार्शल लॉ, या राजसत्ता के समय मीडिया ने विरोध दर्ज किया और सत्ता पर सवाल खड़े किये लेकिन भारत में ब्राह्मणवादी व्यवस्था के पोषक इस समय पूरी कोशिश कर रहे है के देश से विपक्ष और विरोध दोनों ही ख़त्म कर दिए जाएँ ताकि वे अपनी मर्जी का मनुवादी राज्य हमारे उपर थोप सके. जब मीडिया सार्थक बहस से बचता है तो हमारा कर्त्तव्य है उन प्रश्नों को उठाये जो भाड़े के तंत्र इन जानबूझकर छुपा दिए हैं. उन घटनाओं को समझने की कोशिश की जाए तो देश पर मंडराते खतरे दिखाई देते है जो किसी भी तथाकथित दुशमन सी ज्यादा खतरनाक और भयावह है. पहले घटनाक्रमों को देख ले और फिर उनसे अपने नतीजे निकाले.

सर्वप्रथम, भारत के राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद की दो प्रख्यात मंदिरों में हुई यात्राओ के दौरान उनके साथ हुई बदसलूकी पर देश के किसी भी नेता खासकर जो सरकार में है, एक भी बयान नहीं आया. देश के राष्ट्रपति को इन मंदिरों में उनकी जाति की याद दिलाई गयी और जब भारत का प्रथम नागरिक इन स्थानों में सुरक्षित नहीं है तो देश के लाखो गैर द्विज इनमे अपना सम्मान प्राप्त करेंगे. देश में समरसता की बात करने वाला संघ परिवार इस मामले में चुप है. देश के नामी गिरामी बाबा जो देश के संस्कृति का बखान करते रहते है अचानक से चुप है, आखिर क्यों ? जो कहते है के देश से जाति ख़त्म हो गयी है, छुआछूत मिट चुकी है वे सभी चुप है या मज़े ले रहे है.


दूसरी घटना उत्तराखंड की राजधानी में मुख्यमंत्री के जनता दरबार में हुई जहा एक महिला प्राध्यापक अपने स्थानांतरण के सिलसिले में उनसे मिलने आई थी. मुख्यमंत्री महोदय उस महिला के सवाल पूछने से इतने खफा हुए के उन्होंने महिला को तुरंत निलंबित करने और उसकी गिरफ़्तारी के आदेश दे दिये . मुख्यमंत्री का कहना था के उनके जनता दरबार में सरकारी लोगो के स्थानांतरण से सम्बंधित कोई बात नहीं होनी चाहिए और इसके सम्बन्ध में एक निति बनेगी. बिलकुल बात सही है इन कहानियो के पीछे की कहानी क्या है ये भी हमें नहीं पता हालाँकि ये भी विदित है के इन्ही महिला को एक और भाजपाई मुख्यमंत्री ने जो कुम्भ के मेले में खूब कमाई के लिए बिख्यात हुए, ने निलंबित किया था. दोनों मुख्यमंत्रियों की पत्निया भी अध्यापिकाएं है और वर्तमान मुख्यमंत्री की पत्नी देहरादून में पिछले १७ वर्षो से कार्यरत है और उनका कोई स्थानांतरण कभी नहीं हुआ. वैसे इतने पूरे वर्षो में तो भाजपा की सरकार नहीं थी लेकिन नेताओं की आपसी रिश्तेदारी तो सबको पता है उनके कोई काम नहीं रुकते. तकनीक तौर पर ट्रान्सफर क्यों नहीं हुआ या महिला पहले भी निलंबित हुई या मुख्यमंत्री या अन्य नेताओं की बीवियों के तबादले क्यों नहीं हुए इन पर तो अवश्य चर्चा होनी चाहिए और मीडिया को इनका पर्दाफाश भी करना चाहिए लेकिन जो एक बात मुख्यमंत्री के दरबार से दिखाई दिया वो है हमारा सामंती चरित्र. क्योंकि ऊँची आवाज में बोलना हमारे नेताओं को अखरता है और वह भी जब एक महिला आँख में आँख डाले सवाल पूछे तो अपने आप ही ‘चरित्रहीन’ हो जाती है. वैसे भी संघ की आदर्श महिला वो है जो नौकरी भी करे तो पहले पत्नी, बहु, बेटी की भूमिका ढंग से निभाये और महीने के आखिर में सैलरी घर पर थमा दे, रोज ऑफिस से आये तो सीधे किचन में घुसे और बिना ऊफ के काम शुरू कर दे ताकि ‘परिवार’ खुश रह सके.
अब तीसरी घटना को देखिये जहाँ आपको संघी मानसिकता के दर्शन मिलते है. सुषमा स्वराज जी संघ परिवार की डिक्शनरी की आदर्श महिला है. अभी भी परम्पराओं में ‘पूरी’ तरह से ढली हुई, सुष्माजी ने तो कर्वाचोथ के व्रत को रोमांटिक बनाकर बहुत पोपुलर बना दिया. तीज पर उनका झूला झूलना और देश भर में हो रहे महिलाओं के अत्याचारों पर बिलकुल चुप्पी साधकर बैठना ये संघ के अवसरवाद के उदहारण है. जब हिंदुत्व के संगठन जम्मू में कठुआ कांड के आरोपियों को बचाने के लिए सड़क पर आ रहे थे और एक मासूम लड़की के पक्ष में लड़ रही एक बहादुर महिला को बायकाट करने की धमकी दे रहे थे तब भी वह चुप थी लेकिन पाकिस्तान के कुछ बीमार बच्चो को और लखनऊ में एक हिन्दू मुस्लिम जोड़े को पासपोर्ट बनाने के मामले में जो त्वरित कार्यवाही उन्होंने की उस पर उनकी पार्टी के ऑनलाइन भक्तो ने उन्हें ही ट्रोल करना शुरू कर दिया. सुषमा जी जैसे महिला जिसने हिंदुत्व के लिए अपना सर्वस्व कुर्बान किया हो आज उनके ऑनलाइन गुंडों की गालिया खा रही है. अगर उनके ट्विटर हैंडल पर गालिया देखे तो उनके पति स्वराज कौशल को लिखा जा रहा है कि अपनी पत्नी की जमकर पिटाई करें, लेकिन सिवाय राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी के एक भी मंत्री ने उनके बचाव में एक शब्द नहीं कहा है उसमे भी नितिन गडकरी ने केवल येही कहा के सुषमा जी तो भारत में थी ही नहीं जब ये निर्णय लिया गया. मतलब ये के इन्टरनेट के गुंडों को कुछ भी कहने से डर रहे भारत सरकार के मंत्री और भाजपा के नेता क्योंकि येही अब उसके काडर है और इन्ही की लगातार क्लास अमित शाह लेते है. अभी तक इतनी मोब लिंचिंग की घटनाएं हुई है जिसमे इतने मासूम मारे गए है महाराष्ट्र से लेकर त्रिपुरा, बिहार, बंगाल, तेलंगाना, आंध्र और ओडिशा तक, लेकिन भारत सरकार का मौन है. जब पिछले एक हफ्ते में करीब २१ लोग भीड़ ही हिंसा का शिकार हो गए जिसमे पांच लोग महाराष्ट्र के धुले में बच्चा उठाने के आरोप में मारे गए तो दुनिया भर में बदनामी से डरने के लिए सरकार के मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा के व्हात्सप्प को कुछ करना चाहिए. व्हात्सप्प या ट्विटर तो कोई भी काम करेंगे अगर सरकार चाहे तो और उससे ज्यादा जो लम्पट काडर है, जिसको सारे नेता आशीर्वाद दे रहे है क्योंकि भाजपा ये मान चुकी है के सोशल मीडिया का ये लम्पट काडर ही चुनावो में उसकी नैय्या पार लगाएगा.

राजनीती में मतभेद होते है लेकिन मन्भेद  नहीं होने चाहिए ये अटल जी के शब्द है परन्तु आज जिस तरीके से विरोधियो और आपसे मतभेद रखने वालो से निपटने के तरीके ढूंढें गए है वे निहायत निंदनीय और देश को खतरे में डालने वाले है. अगर इन घटिया हरकतों के लिए कोई पार्टी अपने कार्यकर्ताओ के खिलाफ कार्यवाही नहीं करती या उसके नेताओं के पास उसकी निंदा के शब्द नहीं है तो इसका साफ़ मतलब है के ये जानबूझकर प्रोत्साहित किये जा रहे है. अभी एक महारथी ने जिनके ट्विटर हैंडल पर मर्यादा पुरुषोत्तम राम की धनुर्धारी तस्वीर थी, उन्होंने कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी की बेटी से बलात्कार कर डालने की धमकी खुले तौर उन्हें दे डाली. प्रियंका ने पुलिस में रिपोर्ट करवाई है लेकिन अभी तक कुछ हासिल नहीं हुआ है लेकिन अभी तक सरकारी और संस्कारी पार्टी के एक भी नेता ने इस पर कुछ नहीं बोला है. भारत में हिन्दुओ का नेतृत्व करने वाले संघ की चुप्पी तो हम सबको पता है के जिंदगी भर उन्होंने कभी भी जातिप्रथा के खिलाफ बात नहीं की और न ही कभी महिला हिंसा पर कुछ बोला . मुझे इन शब्दों को लिखने में भी अफ़सोस होता है लेकिन क्या करें यदि हम सब इस दौर में चुप रहे और अन्याय के खिलाफ नहीं बोले तो ये देश किसी का नहीं रहेगा.

देश भर में बलात्कार की बढती घटनाओं का भी भाजपा और संघ परिवार ने संप्रदायीकरण किया. कठुआ हुआ तो गुंडों के पक्ष में नारे लगवाए. मंदसौर में क्योंकि अपराधी मुसलमान है तो भाजपाई उसे तुरंत फांसी पर लटकाने के लिए कहते है और आरोप लगाते है के ‘सेक्युलर’ लोग अब कैंडल लाइट मार्च क्यों नहीं निकालते. मंदसौर की घटना को वे कठुआ की काट मानकर लगे हुए है लेकिन मै तो उनके नेताओं से सवाल करना चाहता हूँ के उन्नाव के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर अपनी ही राजपूत जाति की लड़की के साथ बलात्कार का आरोप लगा और एक भी नेता कुछ नहीं बोला. शर्मनाक बात तो ये के नेता के समर्थन में लोग सडको पे आये. राजपूतो को फर्जी विषयो में तो अपने समुदाय की इज्जत याद आती लेकिन अपने समाज की एक गरीब लड़की का विधायक द्वारा किया गया शोषण उनके समाज के लिए कोई सवाल नहीं बना. उन्नाव की घटना को इसलिए दबाया गया है क्योंकि ये हिंदुत्व के राष्ट्रवाद की पोल खोल सकती है. कठुआ और मंदसौर सेकुलरो और हिन्दुत्ववादियो के अपने अजेंडे में फिक्स होने वाली कहानिया है इसलिए शोर है. सवाल है के उन्नाव को लेकर क्यों है संघ को और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को कटघरे में खडा किया गया जिसने अपराधी को बचाने की पूरी कोशिश की.

मेरे एक मित्र ने बरसो पहले आर एस एस का मतलब रयुमर स्प्रेअडिंग सोसाइटी रख दिया लेकिन आज हम जो स्वरूप देख रहे है वो बेहद भयावह और डरावना है. व्हात्सप्प पर कोई भी कहानी बनाकर आप किसी के खिलाफ ही जो भीड़ तंत्र के न्याय को केवल अपनी राजनितिक रोटिया सेंकने के लिए जो आगे बढ़ा रहे हो वो देश के तानें बाने को नष्ट कर देगा जो आज़ादी के बाद बेहद मुश्किलों के बाद हमने बनाया था. इतने बड़े देश में व्यापक धार्मिक, भाषाई और जातीय विविधताओं को स्वीकारते हुए हमने सबके लिए एक कानून बनाया ताकि देश एक रहे. आजदी के वक़्त जवाहर लाल नेहरु का प्रदेश और जाति बिलकुल ऐसी थी के अगर वह चाहते तो भारत को हिन्दू राष्ट्र बना सकते थे लेकिन उन्हें पता था के इसके कितने खतरनाक नतीजे हो सकते है.

आज सत्ता में रहने वाले लोग पिछले चार वर्षो में उनकी सरकार के लगातार असफलताओं को छुपाने के लिए फिर से उन्होई मुद्दों को खडा कर रहे है जो केवल इमोशन पर आधारित है, धर्म और जाति या इतिहास से गड़े मुर्दों को खोद खोद कर निकलकर ये लोग अपने झूठे वादे और विकास की आड़ में मनुवादी संस्कृति थोपकर केवल दो चार गुजराती पूंजीपतियों के हाथ हमारे देश की सम्पति को सौंप देना चाहते है. देश की उर्जा, सम्पति, संशाथान जब इन व्यक्तिगत मुनाफाखोरो के पास जाता है, बैंक जब डूबने को तैयार बैठे हैं लेकिन ये बड़े बड़े चोर फोर्ड की लिस्ट में आते है, मीडिया उनके बच्चो की शादियों को दिखाकर मध्यवर्ग की लालसा को बढाता है लेकिन उनको सवाल करने को नहीं कहता . पत्रकार जब चारण होते है और मालिक का महिमामंडन कर जनता को भ्रमित करते है तो समझ लीजिये के देश पर संकट है.

इस देश में जो आग लगाने का आज षड़यंत्र चल रहा है उसका मुकाबला सभी लोगो को एकता से करना होगा. एक समाज को दुसरे के खिलाफ खड़ा करके, आत्म सम्मान के साथ खड़े लोगो विशेषकर महिलाओं के खिलाफ ऑनलाइन गुंडागर्दी को आगे बढाकर एक सन्देश दिया जा रहा है के या तो चुप रहिये या मार खाइए और यदि आप फिर भी नहीं डरते तो आपकी फिर तंत्र आपको डराएगा. आजकल उसके भी अनेको तरीके है. भाड़े का मीडिया है, खबरे पकाई जायेंगी, तड़का लगेगा और अन्य कई तरीको से आपकी मौत के इन्तेजाम हैं. ये सब भी झेल लिया तो बदनाम करने के तरीके बहुत से है. स्थिति बहुत गंभीर है और जो लोग आपातकाल चिल्ला रहे है वे आज के दौर को बहुत हलके में ले रहे है. आपातकाल में एक दूरदर्शन था और मीडिया का अशिकंश हिस्सा झुक चूका था लेकिन फिर भी वो इतने बदतमीज नहीं हुए थे जितना आज का मीडिया हो चूका है. हम लोग ऐसे पत्रकारिता को पीत पत्रकारिता कहते है जो चरित्र हनन और सेंसेशन पैदा करते है लेकिन आज के दौर की पत्रकारिता तो पूरी तरीके से गेरुआ हो चुकी है और आकाओ के आग्गे नतमस्तक है.

देश की संस्कृति के ‘रक्षक’ चुप है. वो अपने लोगो को हथियार देकर लड़ना सिखा रहे है. शायद भूल रहे है के बन्दुक से आप न तो कभी लक्ष्य तक पन्हुन्चेंगे और न ही कोई बदलाव कभी आया. दुनिया में हिंसा के कारण बदलाव लाने वाले मिट गए और मिटा दिए गए. बुद्ध, कबीर, नानक, रैदास, आंबेडकर, फुले,भगत सिंह, राहुल संकृत्यायन का देश और संस्कृति सवाल पूछेगी और वैचारिक क्रांति करेगी. देश में आने वाले बदलाव से जिनके तख़्त ताज हिलेंगे वो ही बन्दुक और हिंसा की बात करते है. देश की सत्ता पर काबिज  अल्पसंख्यक आज बहुजन समाज में आ रहे बदलाव और जागरण से घबराये हुए है क्योंकि बाबा साहेब आंबेडकर और तर्क के अन्य योद्धयो के विचारो की पैनी धार से बहुजन समाज आज राजनीतिक तौर अपनी लड़ाई लड़ रहा है और ब्राह्मणवाद का  वैकल्पिक सांस्कृतिक धरातल खड़ा कर रहा है. जिनके पास तर्क नहीं है और दिमाग पर अंधभक्ति का पर्दा पड चुका है वे न कोई बदलाव कर सकते और न ही उसको सहन कर सकते. इसलिए तर्क के योद्धाओं को यथास्थितिवादी, सामंतवादी, पूंजीवादी और पुरोहितवादी पित्र्सत्तातामक ताकतों का जमकर विरोध करना पड़ेगा तभी हम एक नए प्रगतिशील भारत का निर्माण कर पाएंगे.









Sunday, 13 May 2018

जातीय दंभ छोड़े बिना नहीं बढ़ सकता आगे समाज





विद्या भूषण रावत


सहारनपुर शहर में फिर से तनाव व्याप्त है. पिछले वर्ष शब्बिरपुर के में ठाकुरों के जातीय उत्पीडन के बाद हुए भीम आर्मी के विद्रोह से सहारनपुर शहर को दलितों की ताकत का अहसाश हुआ था. हालाँकि ऐसा नहीं है के उन्हें इसका पता नहीं था लेकिन जहाँ दलितों की राजनितिक शक्ति में उत्तर प्रदेश में पिछले २० वर्षो से लगातार इजाफा होता जा रहा है वही अधिकांश लोग ये भी मानते थे के राजनितिक सत्ता को तो शीर्ष नेतृत्व को विश्वास में लेकर या राजनितिक बैलेंसिंग को करने के लिए, आसानी से मैनिपुलेट किया जा सकता है लेकिन सामाजिक और सांस्कृतिक तौर पर तो दलितों के विद्रोह का सीधे सीधे उदहारण फिलहाल उत्तर प्रदेश में नहीं था. इसका कारण यह भी था के बसपा की राजनीती के कारण दलितों के बहुत बड़े तबका का राजनीतिकरण हुआ और उसकी संवैधानिक मूल्यों में आशा बढ़ी और उसने हिंसा के रास्ते को कभी नहीं अपनाया लेकिन पिछले कुछ वर्षो में जब दलित में नए युवा अपनी बात रख रहे है, अपनी योग्यता का परिचय दे रहे है और इसलिए अब अपने अपमान को सहने के लिए तैयार नहीं है,

सहारनपुर में भीम आर्मी के प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश में सत्ताधारियो और विपक्ष के नेताओं की राजनैतिक ‘असुरक्षा’ को बढ़ा दिया है क्योंकि जहाँ पर उन्हें अपनी परिपक्वता का परिचय देना चाहिए था उसका जवाब वे नए आरोपों और सधी  चुप्पी से दे रहे है जो बेहद दुखद है. इस सवाल के विभिन्न पक्षों को हम बारी बारी से विश्लेषित करने की कोशिश करेंगे.

सबसे पहले तो उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को हिसाब देना होगा जिसने सहारनपुर में शब्बिरपुर के लोगो को न्याय देने के बजाय धमकाने का काम किया और दलितों के लड़ रहे लोगो के उपर ही ऍफ़ आई आर कर डाली. भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद अभी भी जेल में हैं और इलाहाबाद हाई कोर्ट के दो मामलो में उन्हें जमानत दिए जाने के बावजूद भी प्रदेश सरकार ने उन पर रास्ट्रीय सुरक्षा कानून की विभिन्न धाराओं में मुक़दमे ठोके है और उन्हें रिहा नहीं होने दिया. उनके अन्य साथी और भीम आर्मी के वर्तमान अध्यक्ष कमल वालिया भी जेल में हैं और दो दिन पूर्व ही उनके छोटे भाई सचिन वालिया की भी उनके घर के सामने गोली मार कर हत्या कर दी गयी. शब्बिरपुर के दलितों ने महाराणाप्रताप जयंती पर ठाकुरों के जलूस को निकालने के विरुद्ध प्रशासन से अनुमति मांगी थी लेकिन प्रशासन ने जानते हुए भी ऐसा किया और एक निर्दोष को उसके घर के सामने गोली मार दी गयी. प्रशासन का कहना है के मामला संदिग्थ है लेकिन प्रश्न इस बात का है के जिस तरीके के विडियो और सचिन की मौत पर अपने को ठाकुर कहने वालो ने विडियो बनाये है वे शर्मनाक है.

पिछले कुछ वर्षो में जब से भाजपा का हिंदुत्व का अजेंडा चला है उसका सबसे अधिक लाभ चाहे ठाकुर युवाओं को मिला हो या नहीं लेकिन उनके नेताओं की तो मानो चांदी हो गयी. उत्तर प्रदेश के अन्दर २०१४ के ‘देशभक्ति’ के अभियान ने ब्राह्मण ठाकुर नेताओं को पुनर्जीवित किया. मुजफ्फरनगर के परिक्षण से ठाकुरों ने इस क्षेत्र में जाटो और गुजरो की राजनीती को भी किनारे कर दिया और शायद उनके नेताओं को ये लग रहा है के आगे भी इसी प्रकार की ध्रुवीकरण की राजनीती करेंगे तो वो सत्ता की और ले जायेगी लेकिन आज के इस राजनैतिक युग में जब दूसरी जातीया भी अपने अधिकारों के प्रति सतर्क है तो वे भी देर सवेर सवाल करेंगी और अपनी हिस्सेदारी मांगेगी. लेकिन कुछ समय से पूरे देश में खासकर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश आदि प्रदेशो में राजपूतो के युवाओं का अपनी ‘अस्मिताओ’ को लेकर प्रदर्शन दिखाई दिया. राजस्थान में महारानी पद्मावती को लेकर उन्होंने खूब तोड़फोड़ की और कुछ लोगो ने ये माना भी था के व्यावसायिक लाभ के लिए अक्सर बम्बई के निर्माता निर्देशक ऐसा खेल खेलते है लेकिन उन्नाव के बलात्कार के आरोपित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को लेकर जैसे उनकी बिरादरी ने प्रदर्शन किया वो शर्मनाक था. इसलिए क्योंकि जो प्रताड़ित महिला थी वह भी राजपूत जाति की बताई जा रही थी तो फिर उसका सम्मान कहाँ है. क्यों नहीं राजपूत युवाओं का खून उस महिला की इज्जत के खौला जिसको आरोपित विधायक ने अपनी दबंगई के चलते तार तार किया. अब तो सी बी आई ने भी स्वीकारा है के विधायक ने महिला के साथ बलात्कार किया लेकिन उत्तर प्रदेश के सरकार या भारत के केंद्रीय मंत्री अथवा उनके संस्कारी समर्थको ने बजाये इसके के मंत्री ओर नेता से सवाल करें, उलटे उनके समर्थन में आना शुरू कर दिया.

राजपूत नेताओं के ये समर्थक आज सड़को पर उतर कर लठैती कर रहे है, भद्दी भद्दी गालिया दे रहे है और जय राजपुताना या भारत माता की जय के साथ अपनी मूंछो को मरोड़ रहे है. कोई भी प्रश्न पर राजपूत नेता अपने समाज की आन मान मर्यादा के प्रश्न खडा कर दे रहे है लेकिन ये प्रश्न भी समझ में आना चाहिए के आखिर राजपूतो के आर्थिक हालत कैसे हैं ? क्या किसी नेता ने सवाल किया के उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी है, उनके बच्चे नौकरियों में है न नहीं, खेती के क्या हाल है आदि आदि. आज़ादी के बाद से ही राजपूतो को बड़े राजाओं और अपनी जाति पर गौरव करने के अलावा कुछ नहीं सिखाया. ज्यादातर जमीन जमींदारी उन्मूलन के समय चली गयी. बचे खुचे जमींदार पार्टियों के नेता बन गए. राजाओं की जमीनों पर तो कोई फर्क नहीं पड़ा लेकिन बाकि गरीबो के हालात ख़राब होते चले गए. नौकरी करने को तौहीन समझा गया इसलिए राजपूतो का भारत सरकार की नौकरियों में प्रतिशत बहुत कम है. अयोध्या के राम मंदिर आन्दोलन में में इतनी बड़ी संख्या में राजपूतो का संप्रदायीकरण नहीं हुआ जो आज है. बिहार से लेकर उत्तर प्रदेश में ऐसे राजपूत नेता थे जो हमेशा से सामाजिक न्याय और समाजवादी आन्दोलनों से जुड़े रहे. ये तो नहीं कहा जा सकता के सबने जाति छोड़ दी लेकिन ये जरुर था के सभी आग उगलने वाले और गाली गलौज की राजनीती वाले नहीं थे. उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर जैसे लोग भी थी जिनकी भाषा और दोस्ती दबंगई वाले लोगो से थी लेकिन राजनीती में उन्होंने संवेदनशीलता से ही बात की. भाजपा में भैरों सिंह शेखावत, जसवंत सिंह जैसे नेता थे और उत्तर प्रदेश में राजनाथ सिंह जो वर्तमान में ठाकुरों के नाम पर नेतागिरी कर रहे लोगो से न केवल कद में अपितु व्यवहार और विचार में भी बहुत बड़े थे.
सामाजिक न्याय की राजनीती में विश्वनाथ प्रताप सिंह का नाम बहुत अदब से लिया जाता है. अपने छोटे से कार्यकाल में जिस ईमानदारी के साथ उन्होंने सामाजिक न्याय का प्रश्न राजनीती की मुख्यधारा बना दिया वो इतिहास में मील का पत्थर है. हालाँकि मंडल कमीशन की रिपोर्ट को स्वीकार करने के बाद उनकी जाति और अन्य सवर्णों ने उन्हें सिर्फ गालिया ही दी लेकिन इसके बावजूद जब भी भारत के बहुजन समाज के हितो का प्रश्न आएगा, विश्वनाथ प्रताप सिंह की राजीनीतिक क़ुरबानी को भी याद किया जाएगा. मंडल दो को लागू करवाने में कांग्रेस सरकार में अर्जुन सिंह की भूमिका को भी हमेशा याद किया जाएगा. केंद्रीय मानव संशाधन विकास मंत्री के तौर पर शिक्षा को साम्प्रदायिकता से मुक्त करने के उनके प्रयास भी सराहनीय रहे है. मध्य प्रदेश के भूतपूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह चाहे मीडिया में कितना ही बदनाम होते रहे हों लेकिन अपने मुख्यमंत्रित्व काल में उन्होंने मध्य प्रदेश में डाइवर्सिटी के अजेंडा को लागू करने की कोशिश की. कांग्रेस पार्टी के अन्दर सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ खुलकर बोलने वालो में दिग्विजय सिंह प्रमुख रहे है. बिहार में राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख नेता रघुवंश प्रसाद सिंह भी सामाजिक न्याय और समाजवादी आन्दोलन के प्रमुख हिस्सा रहे है. इनमे से किसी भी नेता ने खुले तौर पर अपने जातीय वर्चस्व की बात नहीं कही. चुनावो में अपने क्षेत्रो में जरुर जातिगत खेल होते रहे हों लेकिन न तो गाली गलोज की भाषा और न ही अपने मूल समाजवादी सेक्युलर चरित्र को इन सभी लोगो ने नहीं छोड़ा. लेकिन २०१४ के चुनावो के बाद से ही  भाजपा ने राजपूतो में उस तबके को प्रश्रय दिया जो अपनी जातीय अस्मिता के अलावा और कुछ नहीं देखे. योगी आदित्यनाथ, संगीत सोम और उन जैसे आग उगलने वाले ठाकुर नेताओं को आगे करके भाजपा ने दरअसल ब्राह्मणवाद का बड़ा सुरक्षा कवच ढूँढा क्योंकि आज उत्तर प्रदेश में बाकी जातिया ठाकुरों की इस दबंगई के खिलाफ कड़ी होंगी.

चुनावो में वोट के लिए राजपूतो के अन्दर छद्म राष्ट्रवाद और फर्जी बड़प्पन की बात कर उनके असली सवालो को गौण कर दिया गया है . सवाल ये है के आज के २१वे सदी में बड़ी कौम कौन मानी जायेगी ? उसका उत्तर बहुत सिंपल है . कोई कौम इस सन्दर्भ में बड़ी कही जायेगी के उसका शिक्षा, स्वस्थ्य, विज्ञानं, कानून, राजनीती, सिनेमा, खेल और  साहित्य में क्या योगदान है. वंशवादी मनुवादी राजशाही के चलते अपनी मूछो पर ताव् रखने वाले अपनी कौम का सर्वे कराकर देखे के उसकी हालत क्या है. उसके कितने अधिकारी है, कितने जज है, कितने पत्रकार है और फिर अपने पे गर्व करे . इन सभी क्षेत्रो में राजपूत बहुत पीछे है और उनके युवा अपने बदलाव के लिए कोई आन्दोलन भी करने को तैयार नहीं है. भ्रष्ट नेता इन युवाओं को कोई भी नया भविष्य नहीं दे सकते है इसलिए उन्हें संघ परिवार का सिपाही बनाकर इस्तेमाल किया जा रहा है जिसके बहुत लाभ नहीं होने वाले. आज जब युवा नए क्षितिज की और जा रहे है, राजपूत युवा केवल नेताओं के लठैत की भूमिका निभाएंगे तो कही के नहीं रहेंगे.

राजा महांराजाओ, तिलिस्मो, मिथ आदि में गर्व करना तो बहुत आसान है क्योंकि जो लोग इनके सहारे ही हमें जीने के तरीके बता रहे है वे जानते है के अगर समाज का कोई ‘महान’ राजा नहीं भी है तो ‘खबर’ और ‘इतिहास’ बनाने की व्हात्सप फैक्ट्री में वे इसे आसानी से तैयार कर सकते है जिससे वो युवा जिसे अपने रोजगार और साधनों के लिए रोजगार मांगना चाहिए था वो हिंदुत्व, जय श्री राम, जय राजपुताना और ऐसे ही नारे लगाता फिरता है.

करीब चार वर्ष पहले मै बेहमई गाव गया था. वहा मै पहले भी गया था क्योंकि मै फूलन देवी के गाँव शेखुपुरा, कालपी भी गया था. बेह्मही ठाकुरों का वह गाँव है जहाँ ऐसा बताया जाता है के डकेतो ने जो ठाकुर थे ,फूलन का अपहरण करके यहाँ रखा था और फिर उनके साथ बलात्कार किया गया था और बताया जाता है के गाँव के एक भी व्यक्ति ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की जिसके फलस्वरूप ही फूलन बहुत आक्रोशित हुई थ  और फिर यही १४  फरवरी १९८१ में उन्होंने और उनके साथियो ने अपने साथ हुए अत्याचार का बदला लेते हुए २० राजपूतो की हत्या कर दी थी.  देश भर में इन हत्याओं को लेकर बेहद शोर हुआ था. यहाँ की २० विधवाओं को लेकर अखबारों में कई कहानिया लिखी गयी लेकिन एक महिला के साथ बातकर मुझे इस समाज की दकियानूसी परम्परा पर बोलने की इच्छा हुई .

१४  फ़रवरी के हत्याकांड में लाल सिंह नामक युवक की मौत भी हुई थी जिसके उम्र करीब १२-१३ वर्ष की रही होगी उसकी सगाई पास के गाँव के मुन्नी से हुए थी जिसकी उम्र ९ वर्ष की थी. लाल सिंह की मौत के बाद, मुन्नी के भाइयो ने अपनी बहिन को विधवा बनाकर बेहमई गाँव भेजा. इतने वर्षो के बाद मुन्नी को देखकर मुझे इस समाज की दकियानुसी परम्परा पर इतना क्षोभ हुआ के व्यक्त नहीं कर सकता. बेहमई के आस पास के ८४ गाँव ठाकुरों के है और शादिया इन गाँवों में आपस में होती है. किसी ने विद्रोह किया तो उसे सामाजिक बहिष्कार झेलना पड़ेगा. मुन्नी अपनी पूरी उम्र विधवा बन कर रही. क्या करे ऐसे भाइयो का जिन्हें रीती रिवाज ज्यादा महत्वपूर्ण लगता है लेकिन अपनी बहिन की ख़ुशी नहीं.

राजपूत समाज में अभी भी महिलाओं की स्थिति बहुत ख़राब है. जो भी समाज रिजिड होगा और केवल पुरानी परम्पराओं में ही अपने शान समझता होगा तो वह औरतो की स्थिति बहुत ख़राब होगी. शायद यही कारण है के उन्नाव के विधायक ने जिस राजपूत लड़की के साथ बलात्कार किया उस लड़की के समर्थन में एक भी राजपूत महासभा या उनका नेता खड़ा नहीं हुआ. इससे अधिक शर्मनाक बात कुछ नहीं हो सकती.

तलवार और लम्बे टीका लगाकर या गाली गलोज कर आप समुदाय के अंदरूनी हालातो को छुपा नहीं सकते हो. राजपूतो को चाहिए के ब्राह्मण, बनिया, कायस्थ, भूमिहार आदि से अपनी तुलना करें और देखे के विकास के इंडेक्स में वे कहाँ है.संघ के  चालाक  ‘इतिहासकार’ उनके बच्चो का ध्यान बटाने के लिए दलितों और पिछडो के आरक्षण को इसके लिए दोषी ठहरा देंगे लेकिन इससे बड़ा झूठ कुछ नहीं हो सकता. आज राजपूतो की पुरानी शान का मोहरा बनाकर संघ परिवार में उनके पिछलग्गू नेता मात्र ब्राह्मणवाद की सेवा में समर्पित है और समाज के ज्वलंत प्रश्नों का उन्हें पता भी नहीं है. किसी भी समाज के नायक वो होते है जिन्होंने समाज में गरीब से गरीब तबके को बराबरी पर लाने के लिए संघर्ष किया हो या समाज बदलाव में कोई योगदान किया हो. इतिहास से हम सबक सीख सकते है उसमे रहते नहीं है. याद रहे के जितने भी राजा महारजा थे वे अपनी लड़ाई लड़ रहे थे और अपने हितो के अनुसार ही मुगलों के दोस्त और दुश्मन बने. खानदान में एक उनके साथ रहा तो दूसरे मुगलो के साथ खड़ा रहा और सबके अपने हित थे इसलिए उस दौर के राजाओं के आपसी खींचतान को आप वर्त्तमान परिपेक्ष्य में हिन्दू मुसलमान की लड़ाई में बदलकर अपना राजनैतिक एजेंडा तो चला लोगे लेकिन ये बहुत समय तक चलने वाला नहीं है. जैसे अपना इतिहास आप बना रहे है वैसे ही और भी जातिया अपने अपने नायक गढ़ रही है और इन सबसे केवल कुछ लोगो का अजेंडा काम कर रहा है जिन्हें हम पुरोहितवादी पूंजीवादी शक्तिया कह सकते है क्योंकि इसकी आड़ में उन्होंने अपने परम्परागत और पुश्तैनी धंधो को मज़बूत कर दिया है. दलितों ने तो व्यवस्था से सवाल पूछना शुरू किया और ब्राह्मणवादी परम्पराओं को नकार कर अपना रास्ता अपना लिया. पिछड़े भी अब सीख रहे है और अपनी राजनीती स्वयं कर रहे है, तो आप क्यों नहीं इतिहास और मिथ को चुनौती देते. क्यों आज परशुराम जयंती मनाई जा रही है जिसने क्षत्रियो की २१ पीढियों को समूल नष्ट कर देने की बात कही ? आज सड़ी गली परम्पराओं को महिमामंडन किया जा रहा है क्योंकि बदलाव से डर लग रहा है.

नेताओं का क्या वे तो ऐसे खेल खेलेंगे. नौकरिया ख़त्म है लेकिन अपने समाज के हाथ में एक छुन्छूना पकड़ा देंगे के सरकारी नौकरिया देंगे और फिर वोट की खातिर समाज को सडको पे उतार देंगे. आज के बदलते युग में ये घिसी पिटी बाते हो चुकी है जिससे समाज का भला होने वाला नहीं. समय है के युवा लोग अपने में बदलाव लायें और सामाजिक न्याय की शक्तियों के साथ जुड़े. जनतंत्र की सफलता विभिन्न जातियों, धर्मो आदि में केवल राजनैतिक सहयोग की नहीं अपितु सामाजिक गठबंधन में भी निहित है. पुराने राजे महाराजे आधारित वंशीय और जातीय दंभ समुदाय के नेताओं को भी कुछ समय तक ही ताकत देगा, लम्बे दौर में ऐसे नेता बेकाम रहेंगे और समाज ने अगर अभी से ये दंभ छोड़ कर अन्य मुख्य प्रश्नों में दूसरे लोगो के साथ राफ्ता कायम नहीं किया तो एक समय आएगा जब सारी दूसरी जातीया आपके खिलाफ खड़ी दिखाई देंगी और वो सबसे भयावह स्थिति होगी. सत्ताधारियो की जातीय उदंडता के विरुद्ध उत्तर प्रदेश की जनता ने हमेशा विद्रोह किया है, इसलिए भलाई इसी में है के मानवीय मूल्यों के लेकर समाज में सामंजस्य बनाया जाए और स्थानीय स्तर पर राजनैतिक गठबंधन बने लेकिन वो किसी समुदाय के विरुद्ध न हो. राजनैतिक लड़ाई लड़ते वक़्त आपसी रिश्ते इतने न ख़त्म कर दो के मिलने में दिक्कत हो. आप अपने पडोसी को नहीं बदल सकते और उनके साथ अच्छे रिश्ते बनाकर ही आप सुरक्षित रह सकते है. ये सोच कर की अपनी ताकत दिखाकर पडोसी को झुकाकर या भागकर आप चैन से रह पायेंगे तो ये ग़लतफ़हमी में कोई समाज न रहे. इस देश में साथ रहने और एक जुट रहने की एक ही गारंटी है के संविधानिक मूल्यों का ईमानदारी से पालन हो और ईमानदारी बिना भागीदारी के नहीं आ सकती लेकिन कोई ये सोचे के एक समाज को समाप्त कर या अपमानित कर उनकी जिंदगी आसान हो जायेगी तो उस पर कोई भी समझदार व्यक्ति हंस ही सकता है.

सहारनपुर के घटनाक्रम ने जहाँ सत्ताधारी दल और सरकार की असफलता को उजागर किया है वही इसने सामाजिक न्याय और अम्बेडकरवाद का झंडा उठाने वालो को भी सोचने पर मजबूर किया है. आखिर ये पार्टिया इस प्रश्न पर सहारनपुर के दलितों के साथ क्यों खड़ी नहीं दिखाई देती. बहुत से लोग सोशल मीडिया पर कह रहे हैं के योगी आदित्यनाथ साल के आखिर में चंद्रशेखर आज़ाद को रिहा कर देंगे ताकि वह बहिनजी के खिलाफ चुनाव लडे या बसपा को नुक्सान पहुचाये. ये बहुत ही निराशाजनक बात है क्योंकि चुनाव लड़ने की बात तो बाद में आएगी आखिर चंद्रशेखर के खिलाफ जो आरोप लगे है वे तो पूरे फर्जी है और उसके साथ अन्याय हुआ है. भीम आर्मी के लोग जेल में भेजे जा रहे है इसलिए जो भी राजनितिक पार्टियाँ है उन्हें समझदारी दिखाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पर दवाब डालना चाहिए के वे सारे मुकदमे वापस ले. 

समाजवादी पार्टी ओर कांग्रेस भी इस मामले में चुप रहे है शायद इसलिए के भाजपा का चालाकी का दांव में नहीं फंसे. लेकिन ये राजनितिक दलों और उनके कार्यकर्ताओं की असफलता है यदि हम ऐसे प्रश्नों पर इमानदार बहस नहीं कर सकते. दलितों पर हो रहे अत्याचार का प्रश्न मात्र दलितों का सवाल नहीं है, ये मात्र राजन्तैतिक हिसाब किताब का सवाल भी नहीं है अपितु मानवाधिकारों और संविधान की सर्वोच्चता का प्रश्न भी है क्या इस देश में कानून का शासन चलेगा या मनुवाद चलेगा.

भाजपा और संघ परिवार ने इस देश के ताने बाने को और नकारात्मक किया है और राजनितिक दलों पर बहुत दवाब डाला है. उनकी लगातार कोशिश रही है एक समुदाय को दूसरे के खिलाफ खड़ा करके विभाजन का राजनैतिक फायदा उठाया जाए. उनके पास ऐसे दबंगों के फौज है चाहे वह बिकाऊ मीडिया हो या तथाकथित बुद्धिजीवी. हम जानते है के दूसरी पार्टिया उनके इस विभाजनकारी सवालो का जवाब देने में असफल रहे है. सहारनपुर में पार्टियों को सवर्णों के वोट का खतरा है लेकिन हम उनसे ये कहना चाहते है अपनी पार्टियों के सभी जातियों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बैठाकर इन प्रश्नों पर चर्चा कीजिये. अगर भाजपा तोडती है तो आप जोडिये और सभी पक्षों को सामाजिक तौर पर साथ ला कर बात कीजिये लेकिन इसकी एक ही शर्त होगी के छुआछूत और जातीय सर्वोच्चता में यकीं करने वालो के साथ तो कोई बात नहीं हो सकती.


सहारनपुर के घटनाक्रम भारतीय लोकतंत्र में दबंगों की बढ़ती ताकत की कहानी भी है. ऐसी घटनाएं जानबूझकर फैलाकर पूरे प्रदेश में अराजक दबंको को राजनीती में घुसाने की तैय्यारी है और इसका दूसरा इलाज़ केवल सामाजिक न्याय की शक्तियों को आपस में साथ रहकर, अपनी लड़ाई मिलजुलकर लड़ने में ही है. विभाजनकारी ताकतों को आंबेडकर, फुले, पेरियार के सांस्कृतिक परिवर्तनवादी ताकते ही शिकस्त दे सकती है. उत्तर प्रदेश में राजनैतिक तौर पर तो इन ताकतों ने अपनी मौजूदगी का एहसास करवाया है लेकिन सांस्कृतिक और सामाजिक परिवर्तन में जब ऐसी शक्तिया सभी दबी कुचली जातियों को एक कर देंगी तो ब्राह्मणवादी बर्चास्व्वादी ताकते अपने आप ही नेस्तनाबूद हो जाएँगी और तभी उनसे प्रताड़ित सभी लोगो सामाजिक और सांस्कृतिक लोकतंत्र की खुली हवा में सांस ले पायेंगे. लड़ाई बहुत लम्बी है लेकिन असंभव नहीं है, केवल आवश्यकता बौधिक ईमानदारी की है. सहारनपुर में दलितों पर हुए अपराधो की जाँच हो और मुझे ये बात कहते हुए कोई गलत नहीं लगता के भीम सेना के सभी कार्यकर्ताओं को रिहा किया जाए और उनपर ठोके गए फर्जी मुकदमे सब वापस लिए जाएँ और ये बात की मांग करने में अगर राजनैतिक दलों को झिझक हो रही है तो फिर इससे बड़ी शर्मनाक बात कोई नहीं हो सकती.






Friday, 8 September 2017

क्यों की गयी गौरी लंकेश की हत्या



विद्या भूषण रावत

कल प्रेस क्लब ऑफ़ इंडिया खचाखच भरा था . खड़े होने की भी जगह नहीं थी . ५ सितम्बर को जैसे ही गौरी लंकेश की हत्या की खबर आई तुरंत ही कुछ पत्रकार साथियो ने मोर्चा संभाला और रात भर में ही ट्विटर पर उनकी मौत का समाचार ट्रेंड करने लगा. देश पर में सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, पत्रकारों आदि ने प्रदर्शन किये, कैंडल लाइट मार्च आदि निकाले और घटना की कड़ी निंदा की. कल की बैठक में बरखा दत्त और राजदीप सरदेसाई ने राजनितिक नेताओं से  इस आन्दोलन से दूर रहने की बात कही लेकिन वही पर कई दूसरो ने कहा के साफ़ जाहिर है के किन लोगो ने गौरी की हत्या की है इसलिए अगर साम्प्रदायिकता विरोधी लोग इन कार्यक्रमों में आकर समर्थन करते हैं तो कोई गलत बात नहीं है .

सवाल इस बात का नहीं है के पार्टियों को पत्रकारों या सामाजिक कार्यकर्ताओ का समर्थन करना चाहिए या नहीं लेकिन ये भी के क्या इन दोनों पत्रकारों ने सत्ताधारियो के साथ में बैलेंसिंग करने की कोशिश तो नहीं की जब सबको पता है के गौरी लंकेश की हत्या किन लोगो के द्वारा की गयी हो सकती है और कौन लोग हैं जो खुले आम सोशल मीडिया पर लोगो की लिस्ट बनाकर दिखा रहे हैं के अब किसकी बारी है . शर्मनाक तो ये है के ख़ुशी मनाने वाले और धमकी देने वाले अपने प्रोफाइल पर लिखते हैं उन्हें देश के प्रधानमंत्री फॉलो करते हैं . क्या किसी की मौत पर इतनी ख़ुशी मनाई जा सकती है आखिर गौरी ने ऐसा कौन सा काम किया के उनकी हत्या हो और उस पर इतनी ख़ुशी मनाई जाए . जब केन्द्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने इसकी निंदा की तो उन्हें भी ट्रोल किया गया . इसका मतलब ये है के इन लोगो को गाली देने और धमकी देने के अच्छे पैसे मिल रहे हैं और सत्ताधारियो का उन्हें पूरा संरक्षण प्राप्त है. अभी तक देश के प्रधानमंत्री ने बुद्धिजीवियों पर हुए हमले के बारे में एक शब्द नहीं बोला है , क्या ये नहीं दर्शाता के उनके सोच की दिशा किधर है. उनके चुप रहने में भी बहुत कुछ संकेत छुपे हैं और अगर संकेतो की इन भाषाओं को समझ लेंगे तो पता चल जाएगा के आखिर ऐसा क्यों हो रहा है .

ये समझना पड़ेगा के क्या गौरी लंकेश मात्र एक पत्रकार थी जिसका काम रिपोर्टिंग करने का है ? वो एक बड़े परिवार से आती है जिनके पिता पी लंकेश लोहियावादी थे और उन्होंने लंकेश पत्रिके के स्थापना की . लंकेश कन्नड़ के प्रसिद्ध लेखक थे . पिता के मौत के बाद गौरी ने लंकेश पत्रिका की कमान संभाली लेकिन अपने भाई इंद्रजीत के साथ  हुए मतभेदों के चलते उन्होंने  उनसे दूरी बनाली और फिर गौरी लंकेश पत्रिका चलानी शुरू की. पिता इतने विचारवादी के उन्होंने कभी विज्ञापनों के चलते पत्रिका नहीं चलाई और अन्धविश्वाश, जातिवाद, महिला हिंसा और दलित आदिवासियों के अधिकारों के लिए समर्पित थी . वह तर्कवादी आन्दोलनों से भी जुडी और फिर देश के नामी गिरामी अखबारों के साथ भी .

आज सभी संपादक उनकी मौत पर आहात थे . सभी सोच रहे थे के कल किसका नंबर होगा. बरखा दत ने कहा के ट्विटर पर धमकी देने वालो के खिलाफ लिखना चाहिए और खुल करके बोलने की जरुरत है लेकिन मीडिया आज जो आंसू बहा रहा है वो झूठा है और उस पर विचार करना चाहिए.
गौरी एक पत्रकार परिवार से थी . उनके संपर्क भी थे और प्रभावशाली भी थी अतः उनके लेखन को न चाहते हुए भी ये अखबार कभी कभार छापेंगे. वैसे तो सभी जानते हैं के गत तीन वर्षो में तो जो भी थोडा बहुत रेडिकल लिखने की कोशिश कर रहा है वो हाशिये पे है . गौरी को थोडा बहुत मेनस्ट्रीम मीडिया ने जगह भी दे दी हो लेकिन ऐसे बहुत है जो उसका हिस्सा नही बन पाते क्योंकि उनके लेखन को ‘ समाज’ में ‘द्वेष’ फ़ैलाने वाला या साधारण बनाकर रद्दी में फैंक दिया जाता है . मीडिया में न केवल बिरादरीवाद और जातिवाद है लेकिन अब  मीडिया के अन्दर भी एक बड़ा भोंडे किस्म का अवसरवाद भी आ चूका है और इसके चलते आज पत्रकार केवल प्रेस रिलीज़ छापने वाला सरकारी पार्टी का मीडिया होगया है . इमरजेंसी और आज के दौर में येही फर्क है के उस वक़्त हमारे पास केवल दूरदर्शन या आल इंडिया रेडिओ थे लेकिन आज के प्राइवेट चैनल तो उनसे दस कदम आगे बढ़ चुके है . ये केवल खबरे दिखाते नहीं है अपितु बनाते भी है. आज गौरी के पक्ष में वो इसलिए आने पर मजबूर हुए है क्योंकि हमारी भी रीढ़ की हड्डी है, दिखाने की कोशिश है . मैं ये नहीं कहता के सभी ऐसे हैं क्योंकि बहुत सारे लोग तो मुख्यधारा की अपनी अच्छी नौकरी छोड़ आये और उनकी विचारशीलता और सांप्रदायिक शक्तियों से लगातार लड़ने की भावना को तो सलाम करना ही होगा लेकिन उनकी संख्या बहुत कम है क्योंकि अभी भी मठाधीश खबरों में घालमेल करना चाहते हैं .

जब देश भर में गौरी के क़त्ल के बाद विरोध के स्वर उठ खड़े हुए तो अब मीडिया के जरिये मनिपुलेट करने की कोशिश हो रहे है. गौरी के भाई इन्द्रजीत को रिपब्लिक टीवी ने बुलाकर बुलवाया के उन्हें नाक्साल्वादियो से खतरा था . ये बात और है के गौरी अपने भाई के विचारो से मतभेद रखती थी और हो भी क्यों न क्योंकि अभी १० जुलाई की न्यू इंडियन एक्सप्रेस  की खबर के मुताबिक इन्द्रजीत भाजपा में जाने की तैय्यारी कर रहे हैं क्योंकि उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सिआसत पर बहुत विश्वास है . ये उस समय हो रहा है जब कर्नाटक में लिंगायत जाति स्वयं को संघ परिवार के दामन से दूर करने के लिए कृतसंकल्प है . लिंगायत समुदाय की एक बहुत विशाल रैल्ली २२ अगुस्त को हुई थी जिसमे समाज के सभी राजनैतिक और धार्मिक नेताओं ने शिरकत को और उन्होंने समुदाय को अलग धर्म का होने की बात कही . लिंगायतो का कहना है के वे वैदिक हिन्दू धर्म को नहीं स्वीकार करते क्योंकि ये जाति और भेदभाव पर आधारित है और हज़ारो देवी देवताओं को मानता है . लिंगायत केवल शिव भक्त है लेकिन वो भी उनकी अपनी परम्परा है जो केवल इष्टलिंग की भक्ति तक केन्द्रित है और महान समाज सुधारक वस्वेश्वर ने १२वी सदी में की . आज लिंगायत धर्म के लोग वैदिक जातिवादी वर्णव्यवस्था के साथ न होकर संविधान सम्मत समानता के शासन की बात कर रहे हैं .

कर्नाटक में लिंगायतो के धार्मिक मामलो में संघ परिवार ने बहुत हस्तक्षेप किया है और पिछले कुछ वर्षो में भारतीय जनता पार्टी की राजनीती के लिए उसके नेता येदिरपपा के कारण से उन्होंने कर्णाटक में शासन भी किया लेकिन अभी यदिराप्पा की हालत भी ख़राब है और समुदाय का बड़ा हिस्सा संघ से बहुत नाराज़ है . कर्नाटक में हिंदुत्व की राजनीती में लिंगायतो के अलग होजाने से बहुत कमज़ोर पड़ने की सम्भावना है क्योंकि उनकी संख्या १७% मानी जाति है हालाँकि खुले आंकड़ो में फेर बदल के बहुत संभावना रहती है . ये मामला मात्र राजनैतिक होता तो कोई बात नहीं थी लेकिन यह मामला सांस्कृतिक भी है और कन्नड़ के प्रख्यात लेखक डॉएम् एम् कलबुर्गी की हत्या के पीछे जिन संस्थाओं का हाथ है वो उनके ब्रह्मंधर्म की आलोचनाओं से परेशान थे . कलबुर्गी भी ये मानते थे के लिंगायत हिन्दू नहीं है और उसके लिए उन्होंने अपने धर्म का पूरा साहित्य लोगो से सामने रखा. प्रोफेस्सर के भगवान भी उसी श्रेणी में आते हैं और पुलिस के साए में रहते हैं क्योंकि उनके ब्रह्मवनवाद के पोल खोलती लेखनी से जिन को खतरा महसूस हो रहा है उन्होंने उन्हें धमकी दी है . गौरी लंकेश भी उसी श्रेणी में थी. उन्होंने हिंदुत्व ओर संघ के खिलाफ जम के लिखा और न केवल लिखा अपितु उन्होंने सामाजिक आन्दोलनों और पब्लिक प्लेटफॉर्म्स पर लगातार अपनी बात रखी इसलिए वह केवल एक पत्रकार नहीं थी अपितु उससे कही आगे चली गयी थी . हकीकत ये के आज पत्रकारो से कोई डरता नहीं है क्योंकि अख़बार और टी वी मात्र सुचना का आदान प्रदान और सरकारी घोषणाओं और मंत्रियो के दौरों तक सिमट के रह गया है और जो लोग मारे गए हैं वो खुलकर अन्धविश्वास, रूढ़िवादी और संघ परिवार की घृणा की राजनीती के खिलाफ लड़ते आये हैं .
भाजपा में अन्दर खाते कर्नाटक को लेकर घबराहट भी है क्योंकि गौरी के खिलाफ उबला गुस्सा केवल एक महिला पत्रकार या लेखक होने का नहीं अपितु उनके लिंगायत होने का भी है . ताकतवर जाति बहुत फर्क डालती है और इसलिए अब पिटे हुए लोग बहस चला रहे हैं के राहुल गाँधी ने पहले ही कैसे आरोप लगा दिया के उनके हत्या में संघ समर्थको का हाथ है. उनके भाई के जरिये कर्नाटक सरकार की से आई दी जाँच के जगह पर सी बी आई जांच की बात कही गयी. हम नहीं जानते क्या के केन्द्रीय जांच एजेंसिया कैसे काम कर रही हैं . अब मंत्री जी कह रहे हैं के प्रधानमंत्री किसी को ट्विटर पर फॉलो कर रहे हैं तो उसको चरित्र प्रमाण पत्र नहीं है लेकिन उस व्यक्ति के लिए तो है क्योंकि उसने अपने प्रोफाइल पर लिखा के देश का प्रधानमंत्री उनको फॉलो करता है और वैसे भी मोदी जी बहुत कम लोगो को फॉलो करते हैं ऐसे में इतनी महान हस्ती में कुछ तो खासियत होगी . सवाल ये है के प्रधानमंत्री जी सख्त जुबान में क्या ये नहीं कह सकते के ये देश सबका है और लोकतंत्र में मतभिन्नता होती है और उसको बातचीत से ही सुलझाया जाता है लेकिन वो ऐसा नहीं करेंगे क्योंकि जो सोशल मीडिया पर भाड़े के सारथि है फिर तो उनका काम बंद हो जायेगा. वो तो यही सोचते हैं के सभी गंभीर सोचने वाले, बोलने वाले लोगो को हर तरफ से धमकाओ, गाली दो और अगर नहीं माने तो निपटाओ . ये बहुत गंभीर प्रश्न है . सोशल मीडिया का इस प्रकार से गलत इस्तेमाल से लोकतंत्र और हमारी सामाजिक व्यस्था तबाह हो सकती है . यह भयावह स्थिति है और इसकी गंभीरता को समझना पड़ेगा .

गौरी लंकेश की हत्या से हम सब सहमे है . हम जानते हैं बहुत से लोग ये सोच रहे हैं के अब किसका नंबर है . बहुत से मित्रो की बातो और चेहरे में तनाव दिखाई दे रहे हैं लेकिन एक दुसरे का साथ देकर, संघर्ष में साथ रहकर, सबको आन्दोलनों में जगह देकर और सार्थक बहसों के जरिये हम इसका मुकाबला कर सकते हैं . ये समय एक दुसरे पर कीचड़ उछालने का नहीं है लेकिन ये बात जरुर है के देश में सांप्रदायिक सौहार्द, शांति और भाईचारे के लिए काम करने वाले लोगो पर खतरा पहले से ही था . साम्प्रदायिक घृणावाद के खिलाफ जो बोल रहा है उसे खतरा महसूस हो रहा है. अच्छी बात तो ये के गौरी मुख्यधारा से थी लेकिन ऐसे हजारो छोटे पत्रकार हैं, और सामाजिक कार्यकर्ता है जिनकी न पहुँच है, न उनके लिए कोई जंतर मंतर है, वो न अंग्रेजी बोलते हैं न ही सोशल मीडिया पर ज्यादा लिख सकते और सबकी जिंदगी को खतरा है . वो रोज खतरे की जिंदगी जीते हैं क्योंकि उनके न वोट होते हैं ना ही अंग्रेजिदा लोग मोमबत्ती जलाने के लिए उनके लिए खड़े होंगे इसलिए ये वक़्त साथ आने का है, लोगो को साथ लेने का भी है . जरुरत इस बात की है के सेक्युलर प्लेटफार्म केवल कुछ फिक्स्ड लोगो अड्डा न बने, सेकुलरिज्म में अगर सोशल जस्टिस या सामाजिक न्याय की धारणा और इन्क्लूजन की बात नहीं करेंगे तो केवल लाभ उन्ही लोगो को होगा जिन्होंने ये आग लगाईं है . आशा करते हैं के गौरी लंकेश की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी और फासीवादी घृणा फ़ैलाने वाली शक्तियों के विरुद्ध लोग एक होंगे और जनतंत्र को मजबूट करेंगे.

Monday, 15 May 2017

बहुजन नेतृत्व अम्बेडकरवादी युवाओ की राजनैतिक आकांक्षाओं को समझें



विद्या भूषण रावत

सहारनपुर के घटना के बाद दलितों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा क्योंकि प्रशासन बजाय प्रभावित लोगो को मदद करने के भीम सेना को एक अपराधिक समूह घोषित करने पर आमादा है . भीम सेना के संस्थापक चंद्रशेखर आज़ाद को पुलिस तलाश कर रही है और ये सूचनाएं है के उनके ऊपर रास्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाने के तैय्यारी चल रही है . घायल दलित परिवार अस्पताल में हैं और प्रदेश से लेकर केंद्र तक का एक भी मंत्री, सांसद  या विधायक लोगो की खोज खबर लेने नहीं गया. जिन लोगो का सब कुछ लुट गया उनके सुरक्षित घर वापसी और उनके जीवन को वापस पटरी पर लाने के लिए कोई योजना अथवा समाचार अभी तक तो नहीं सुनाई दिया है . इस सरकार और उसकी रणनीति को लेकर अगर अभी भी लोगो को गलतफहमिया हैं तो वो निकाल ले . मंचो से जय भीम के नारे और प्रधान सेवक के इमोशनल भाषण चाहे बाबा साहेब को लेकर हो या बुद्ध को लेकर हो उससे ज्यादा प्रभावित होने वाले लोगो को चाहिए के दलितों और पिछडो के प्रति सरकार के पिछले कुछ सालो के कार्यकाल बता सकते हैं के आखिर सरकार ने क्या क्या किया है . रोह्ति वेमुला से लेकर जे एन यू में छात्रवर्ती का प्रश्न हो या दलितों के लिए स्पेशल कॉम्पोनेन्ट प्लान की बात हो सभी न्यूनतम हो चुके हैं . अगर वेलफेयर योजनाओं को देखे तो सरकार की उनमे कोई दिलचस्पी नहीं है. बीफ बैन हो या अन्य कोई मामला, सभी किसानो और दलित पिछडो के विरुद्ध जाते हैं .

हालाँकि प्रधान्सेवक बाबा साहेब आंबेडकर और बुद्ध का बहुत नाम ले रहे हैं पर उत्तर प्रदेश के प्रधान सेवक को अम्बेडकरवाद में बहुत दिलचस्पी हो ऐसा नज़र नहीं आता और ये उनकी कार्यशैली से पता चल जाता है . अभी मेरठ के एक दिवसीय दौरे पर एक दलित बस्ती में जाते समय वो बाबा साहेब आंबेडकर के प्रतिमा को माल्यार्पण नहीं किये जबकि लोग उनका इंतज़ार कर रहे थे.  ऐसी बाते भूल से नहीं होती अपितु उनके पीछे अपने वोट बैंक को एक सन्देश भी देना होता है के हम सबकी तरह नहीं है .

योगी आदित्यनाथ के आने के बाद से उत्तर प्रदेश के राजपूत अति उत्साहित है . हो सकता है के बहुत सारे उन्हें महाराणा प्रताप और पृथ्वीराज चौहान के बाद का सबसे मजबूत राजा मान रहे हो क्योंकि आज तक खुले तौर पर योगी आदित्यनाथ इस व्यस्था के पोषक दिखाई दे रहे हैं जो वर्णवादी है . उनके प्रसाशन पर राजपूतो के पकड़ दिखाई देती है और ये अनायास ही नहीं के वे लखनऊ में समाजवादी नेता चंद्रशेखर के जन्म दिवस अप्रेल १९ को एक कार्यक्रम में अतिथि बन कर गए और उनकी स्मृति में एक पुस्तक का विमोचन किया . मंच पर मुख्या अतिथियों में राजा भैया भी दिखाई दिए और ये कोई आश्चर्य की बात नहीं क्योंकि चंर्दाशेखर जी हालांकी खांटी समाजवादी थे लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के गाँवो में उनकी ताकत उनकी जाति ही थी लोगो को उनके समाजवाद से कम और ठाकुर होने से ज्यादा मतलब था और क्षेत्र के तमाम स्वनामधन्य नेताओं से उनके संपर्क थे और उन्होंने उसे कभी छुपाया भी नहीं . मंडल कमीशन के लागु होने पर उसके विरोध में सबसे ज्यादा चंद्रशेखर ही थे और अंत तक उनका विरोध था . उनके क्षेत्र के दलित पिछडो को चंद्रशेखर जी की राजनीती में कोई भरोषा नहीं था लेकिन वह नेताओं के नेता थे और माननीय मुलायम सिंह जी ने भी उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर जी की स्मृति में एक दिन की छुट्टी की घोषणा की थी . अब सभी चंद्रशेखर जी के समाजवाद से कम और ठाकुरवाद से ज्यादा प्रभावित थे .

उत्तर प्रदेश के राजनीती में बर्चस्व की राजनीती हावी है और नेताओं को दूसरीजाति पर भरोषा नहीं होता और वे अपनी अपनी जातियों के अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों पे पहुंचाते हैं . ये हकीकत सबको पता है और इसिलए हिंदुत्व भी ब्राह्मणवादी राजनीती है लेकिन अब योगी जी को भी बिरादरी की आवशयकता महसूस हो रही है . कल उत्तर प्रदेश के एक साथी कह रहे थे के योगी जी अच्चा काम कर रहे हैं लेकिन भाजपा के महत्वकांक्षी नेता उन्हें कुछ करने नहीं देंगे . हकीकत यह है के  छोटी छोटे निर्णयों के लेकर मीडिया ने लालू, अखिलेश और मायावती को तो घोर जातिवादी करार दे दिया जबकि दोनों की किचन कैबिनेट में भी ब्राह्मणों की अच्छी खासी भूमिका थी . इस वक़्त योगी और मोदी को मीडियाकर्मी उनके नेतृत्व के तौर पर नहीं अपितु  प्रशंशक के तौर पर देख रहा है अतः उनकी न तो आलोचना हो सकती है और न ही कोई सवाल उनसे किया जा सकता है . उनके भक्तो की जमात उनसे सवाल करने वाले लोगो से बदला लेने को तैयार है . मेरा सवाल यह है के इतने दिनों से उत्तर प्रदेश में गौ रक्षा के नाम पर मुसलमानों और दलितों का उत्पीडन हो रहा है लेकिन न तो प्रधान सेवक और न ही मुख्यमंत्री ने एक भी शब्द उनके बारे में कहा, तो क्या यह अच्छी बात है ? उन्होंने अपने लोगो से खुले तौर पर यह नहीं कहा के कानून हाथ में न लो . हम ये मानते हैं के संघ के जिन कार्यकर्ताओं की ट्रेनिंग शुरू से ही जाति और धर्म के संकीर्ण दायरे में हुई हो तो वो अचानक से नहीं बदलेंगे. उन्हें अभी भी नहीं लग रहा के सरकार में आने के बाद सत्तारूढ़ पार्टी को ज्यादा जिम्मेवार और समझदारी से बोलना होता है . लोग आपसे सवाल करेंगे और आपकी सरकार की उपलब्धिया मांगगे लेकिन उसके उत्तर में उन्हें गौसेवक, राष्ट्रवाद और अब सहारनपुर के दंगे ही दिखाई देंगे .

सहारनपुर के दंगो के पीछे साफ़ तौर पर जिले की राजनीती में सवर्ण बर्चस्व कायम करना है . सहारनपुर में दलितों के आर्थिक सामाजिक राजनैतिक हालत उत्तर प्रदेश के दूसरे इलाको से बेहतर हैं और इसलिए ये बसपा का गढ़ भी रहा है . उत्तर प्रदेश में भाजपा के लम्बी रणनीति के तहत हिन्दू मुसलमान की राजनीती में पिछडो और दलितों के नेतृत्व को पूर्णतया समाप्त करने की है. जातियों के बर्चस्व को कायम करने के लिए ही महाराणाप्रताप के जन्मदिन को मनाने की बात हुयी. लेकिन दिल में रहने वाली घृणा को देखिये के ठाकुर लोग बाबा साहेब आंबेडकर की मूर्ति की स्थापना चमार बस्ती में भी नहीं करने देना चाहते हैं . ये साफ़ नज़र आता है के वर्णवादी सवर्णों को अम्बेडकरवादी अस्मिता से बहुत परेशानी है क्योंकि वो व्यस्था को चुनौती दे रहे हैं .

सहारनपुर घटनाक्रम से भीम आर्मी का बहुत जिक्र हो रहा है . बहुत से ऑनलाइन पोर्टल्स में आर्मी के संस्थापक चन्द्रशेकर आजाद और उसके अध्यक्ष के साक्षात्कार सुनाये गए हैं . चंद्रशेखर राजनैतिक तौर पर जागरूक व्यक्ति नज़र आते हैं और उन्होंने कोई ऐसी बात नहीं की है जो समाज विरोधी या संविधान विरोधी हो . हकीकत बात यह है भीम आर्मी ने लोगो को न केवल जागरुक किया है अपितु उन्हें स्वरोजगार और व्यवसाय की तरफ भी आकर्षित किया है . भीम आर्मी अभी तक दलितवर्ग में आत्मसम्मान जगाने हेतु और उनमे एकता लाने का कार्य कर रही है  लेकिन भीम आर्मी को समझना पड़ेगा के उनका इस्तेमाल बसपा की ताकत को समाप्त करने के लिये  भी किया जा सकता है इसलिए आवश्यकता इस बात की है के आन्दोलन अभी सामाजिक ही रहे और राजनीतिक प्रयोग करने का प्रयास न करे क्योंकि उत्तर प्रदेश में २०१९ तक बहुजन समाज को अपनी स्थापित पार्टियों में ही परिवर्तन लाकर मज़बूत करना होगा नहीं तो मनुवादी शक्तियों के ही हाथ मज़बूत होंगे .
अभी तक बसपा की ओर से सहारनपुर हिंसा पर बहुत कुछ वक्तव्य नहीं आया है . भीम आर्मी से पार्टी ने पूर्णतया किनारा कर लिया है लेकिन वो ठीक नहीं है. बसपा मान्यवर कांशीराम द्वारा खड़ा किया गया आत्मसम्मान का आन्दोलन है और ये सब आसानी से नहीं होता. इसलिए जो लोग भीमसेना या कोई और लोगो को बसपा के विकल्प के तौर पर खड़ा करने की कोशिश करेंगे तो वो केवल वोट काटू की भूमिका में रहेंगे और कुछ नहीं कर पाएंगे . राजनीती के धरातल की हकीकत कुछ और होती है . बसपा प्रमुख सुश्री मायावती को चाहिए के वो भीम सेना या देश भर में हुए छात्रा आन्दोलन के नेताओं को एक मंच प्रदान करें . पिछले तीन वर्षो में हैदराबाद से लेकर जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय और अखलाक से लेकर पहलु खान तक की मौत ने, रोहित वेमुला से लेकर नजीब तक के लिए न्याय मांगते छात्र सडको पे हैं . विश्विद्यालयो की पढाई अब मुश्किल होती जा रही है और शिक्षा में हिंदुत्व का अजेंडा अब लागु हो चूका है जहा एक तरफ शिक्षा निजीकरण की और बढ़ रही है वही पाठ्यक्रम में मनुवादी विचारधारा घुसाई जा रही है . क्या बसपा या सपा जैसी पार्टिया युवाओं और छात्रो के ज्वलंत सवालो से मुंह चुरा सकती है . क्या ये अवसर नहीं के ये दोनों दल अपने अन्दर पूर्णतया पारदर्शिता लाये, युवा नेतृत्व विकसित करें और देश के युवा नेतृत्व चाहे भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर आजाद हो जिग्नेश मेवानी या कोई और, सबको कार्यक्रमों के जरिये एक मंच पर लाये ताकि जो युवा बदलाव के लिए संघर्ष कर रहे है उन्हें एक राजनैतिक मंच मिल सके .

बसपा राजनितिक मजबूरियों के तहत चाहे ब्राह्मणों के साथ ‘अन्याय’ की बात कहे लेकिन वो दलितों, अकलियतो पर हो रहे अत्याचारों पर अगर खुल कर सामने नहीं आती है और यदि ऐसे आन्दोलनों का समर्थन नहीं करती जो दलितों की अस्मिताओ की रक्षा और उनकी सामाजिक आन मान के लिए बनायी गयी हैं तो उसका अस्तित्व नहीं रहेगा. बसपा को अभी भी समाज का समर्थन प्राप्त है लेकिन एक बात बसपा नेतृत्व को समझनी पड़ेगी के लोगो की सहनशीलता जवाब दे रही है . बसपा की मजबूती दलित अस्मिता के लिए जरुरी है लेकिन इसके साथ ही बसपा के अन्दर नए युवा नेतृत्व को विकसित करना पड़ेगा . आज से २० साल बाद बसपा का नेतृत्व क्या होगा और कौन करेगा इसके लिए एक नहीं कई युवा खड़े करने पड़ेंगे .

सहारनपुर का घटनाक्रम योगी आदित्यनाथ की राजनीती और उनके आड़ में ठाकुरशाही चलाने वालो के लिए मुश्किलें पैदा कर सकता है . संघ दलित और पिछडो के बीच के अंतर्द्वंद का लाभ लेता आया है . मुसलमानों को जबरन बीच में डालकर उसने सवर्ण नेत्रत्व को सबके उपर लाद दिया है . लेकिन जहाँ दलित पिछडो के अंतर्द्वंद हैं वही ब्राह्मण ठाकुरों के भी गंभीर अंतर्द्वंद हैं और उनकी एकता का एक ही बिंदु है वो दलित पिछड़ा विरोध की राजनीती लेकिन जब सत्ता के मलाई की बात आती है तो दोनों के अंतर्द्वंद आपस में टकरायेंगे और सुश्री मायावती ने ब्राह्मणों के साथ हो रहे ‘अन्याय’ को लेकर उस मुद्दे को खड़ा करने की कोशिश की है लेकिन वो अभी नहीं कामयाब होगी क्योंकि ब्राह्मण और ठाकुर या अन्य सवर्ण जातिया अभी हिंदुत्व को छोड़कर कही और जाने से रही क्योंकि मोदी और योगी युग स्वर्ण प्रभुत्वाद की एक नयी शुरुआत है और इसको वो आसानी से हाथ से जाने नहीं देंगे .

फिलहाल सहारनपुर में दलितों को न्याय देने की बात अभी तक एक भी मंत्री ने नहीं की है . सारा प्रशाश्निक फोकस ऐसा लगता है, भीम सेना पर है  और घायल लोगो और उनके उजड़े घर बार कैसे बसेंगे इसके लिए कोई प्रयास नहीं किये जा रहे . दुखद बाद यह है कोई भी राजनैतिक दल अभी संघ की चालो को समझ नहीं पा रहे या उसकी काट नहीं ढूंढ पा रहे और ये उनकी सबसे बड़ी कमजोरी है . जरुरत है दलितों के साथ अन्याय को ख़त्म करने की और सरकार को दलित परिवारों पर हमला करने वाले लोगो को गिरफ्तार करने की और लोगो को समय पर मुवावजा दिलवाने की . सहारनपुर के दलितों को सुरक्षा और सम्मान चाहिए और जिन भी लोगो ने दलित बस्ती को जलाया या उनकी महिलाओं और पुरुषो पर अत्याचार किया उनके खिलाफ तुरंत कार्यवाही करे क्योंकि उसके अभाव में युवा इस क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करना बहुत मुश्किल होगा .

वैसे भी संघ का अजेंडा दलित बहुत समाज और अन्य विपक्ष  को नेतृत्वविहीन कर देने का है . बसपा में विघटन का प्रयास किया गया है और अब नसीमुद्दीन सिद्दीकी मीडिया को रोज ‘ब्रेक न्यूज़’ देंगे जैसे कपिल मिश्र दिल्ली में अरविन्द केजरीवाल के लिए और कांग्रेस के कई नेता अब सोनिया और राहुल के खिलाफ बोल रहे हैं वैसे ही मुलायम सिंह को लगातार खबरों में रखा जायेगा ताकि अखिलेश यादव भी लाइन पे रहे . लालू यादव को पहले ही फंसाने की पूरी तैय्यारी है . मतलब यह के विपक्ष में खुले तौर पर फूट डालने का अजेंडा है और इसे समझने की जरुरत है .

इस बात को भी समझना पड़ेगा के मुख्य धारा की राजनीती ने अभी तक जनता के ज्वलंत प्रश्नों पर गहरी चुप्पी साधे हुई है . चाहे वो बस्तर में आदिवासियों के जंगल में अधिकार का मामला हो या कश्मीर में राजनैतिक पहल , झारखण्ड के आदिवासियों का संघर्ष हो या विश्विद्यालयो में छात्रो के संघर्ष सभी जगह स्वयंस्फूर्त आन्दोलन खड़े हैं और राजनैतिक दल कुछ कह नहीं पा रहे हैं . या तो पार्टियों में इन सवालो पे ज्यादा चर्चा नहीं है अथवा नेतृत्व इन प्रश्नों को सही नहीं मानते हैं . हकीकत यह के अम्बेडकरवादी युवा अब अन्याय सहने को तैयार नहीं है चाहे वो रोहित वेमुला हो या भीम सेना का प्रश्न, लोग नेताओं का इंतज़ार नहीं करेंगे और आन्दोलन होंगे . बहुजन राजनीती को चाहिए के वे इन युवाओं के सपनो और आकांक्षाओं को मज़बूत करे और उन्हें रजिनैतिक रूप दे अन्यथा आन्दोलन किसी प्रश्न से शुरू होते हैं और राजनैतिक भटकाव का शिकार हो जाते हैं जो अंततः उस आन्दोलन को नुक्सान करते हैं जिसकी मजबूती के लिए वे शुरुआत करते हैं . हमारे सामने बहुत उदाहरण हैं जब नेकनीयती से किये आन्दोलन भटकाव का शिकार हो जाते हैं क्योंकि वो राजनैतिक तिकड़मे नहीं जानते . आवश्यक है के बहुजन राजनीती इन आन्दोलनों से बात करे और भविष्य की और देखे ताकि बिखराव की स्थिति पैदा न हो . उत्तर प्रदेश के चुनाव परिणामो से लोगो में बहुत निराशा भी है लेकिन भीम सेना ने उनमे पुनः उर्जा का संचार किया है . जब बहुजन राजनीती इन प्रश्नों पर खामोश रहेगी तो लोग अपना रास्ता खुद तय कर लेंगे लेकिन वो स्थिति बहुत अच्छी नहीं होगी क्योंकि उस परिस्थिति का लाभ वो लोग लेंगे जिन्होंने योज्नाबद्ध तरीके से सहारनपुर के घटनाक्रम को अंजाम दिया . देश में युवाओं की बहुत बड़ी आबादी जिसके मन में मौजूदा नेतृत्व और उसके तौर तरीको के प्रति घहरी निराशा है क्योंकि वो उनकी भावनाओं और महत्वाकांक्षाओ को समझने में या तो नाकाम रहा है या जानबूझकर उनकी अनदेखी कर रहा है  जो लम्बे समय में राजनैतिक तौर पर नुक्सान्वर्धक हो सकता है. राजनैतिक तौर पर पार्टियों को समझना पड़ेगा के यदि प्रशाशन उत्पीडित समूहों को न्याय देने में अक्षम रहा और यदि हिंदुत्व की सेनाए लोगो को जहा तहां पीटती रही और प्रशाशन कोई कार्यवाही नहीं करेगा तो जवाब में लोग भी अन्याय का मुकाबला करने के लिए जातीय राजनीती और उसकी अक्षमता के फलस्वरूप जातीय सेनाओं पर भरोषा करना शुरू करते हैं जो अंततः लोकतंत्र के लिए खतरनाक है लेकिन अगर बिहार में रणवीर सेना दलितों का उत्पीडन नहीं करती तो जवाबी सेनाये नहीं बनती  इसलिए जरुरी है के प्रशाशन कानून का शाशन स्थापित करे और लोगो को न्याय मिले 

Thursday, 11 May 2017

राजनीती की बिसात पर चढ़ी सहारनपुर की शांति



विद्या भूषण रावत 

पच्छिमी उत्तर प्रदेश के एक समृद्ध जनपद सहारनपुर को लगता है राजनैतिक रोटियां सेकने वालो ने घेर लिया है। मुजफ्फरनगर, हरद्वार, देहरादून, यमुनानगर, शामली से घिरा हुआ जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश को उत्तराखंड और हरयाणा से जोड़ने का काम भी करता है।  हालाँकि पच्छिमी उत्तर प्रदेश के सभी जनपद सांप्रदायिक दंगो के चलते संवदेनशील माने जाते है लेकिन सहारनपुर अपनी लाख खामियों के बावजूद अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण और व्यापारिक दृश्टिकोण से बेहतर जिला रहा  है। सौहार्द की ऐसी मिसाल की बाबरी मस्जिद ध्वंस  के बाद भी यहाँ दंगे नहीं हुए। लेकिन पिछले तीन वर्षो में सांप्रदायिक और जातीय राजनीती ने सहारनपुर को निशाना बनाया है जिसके नतीजे भयावह है और प्रदेश की सरकार को चाहिए के वो इसको समाप्तः करने के लिए ईमानदार प्रयास करे लेकिन क्या वो ऐसा कर पायेगी जब दंगो के बाद उनकी पार्टी को ब्याज सहित थोक के भाव वोट मिल रहे हैं।  मुजफ्फरनगर घटना के बाद भाजपा नेताओ के लगातार बयानबाजी और आक्रामकता के चलते उनका राजनैतिक ग्राफ ताकतवर हो गया।  ध्रुवीकरण की राजनीती का चरम मोहम्मद अख़लाक़ की हत्या के बाद बढ़ गया जब उत्तर प्रदेश सरकार ने अख़लाक़ के फ्रीज़ की ही जाँच शुरू कर दी और केंद्र के मंत्रियो ने अख़लाक़ की हत्या में आरोपित एक व्यक्ति की मौत के बाद उसके शव को तिरंगे में लपेटकर राजनीती शुरू की।  नतीजा यह हुआ के उत्तर प्रदेश में इस समय पूरा ध्रुवीकरण है हालाँकि दलित पिछड़े और मुसलमान इन बातो को साफ़ तौर पर समझ भी चुके हैं और ये सरकार २०१९ के चुनावो की इतनी आसानी से ना ले क्योंकि मुसलमान विरोध पर खड़ी की गयी पूरी ईमारत में दलितों और पिछडो को नीव की ईंट बनाया गया जिसका पटाक्षेप शीघ्र ही होना है। 

सहारनपुर की राजनीती में बसपा एक महत्वपूर्ण कड़ी है।  साम्रदायिक ध्रुवीकरण से पहले बसपा, सपा और कांग्रेस यहाँ की राजनीती को नियंत्रित करती थी हालाँकि शहर क्षेत्र में भाजपा के सवर्ण समर्थको की संख्या कम नहीं थी।  जातीय समीकरणों के हिसाब से भी सवर्णो के लिए यह सीट बहुत मज़बूत नहीं थी।  मुसलमानो की संख्या ४५% से अधिक होने के कारण जब तक पूर्णतः ध्रुवीकरण नहीं होता भाजपा का क्षेत्र में कोई दवाब नहीं बनता।  इसलिए २६%  आबादी के इमोशंस को टारगेट करना जरुरी था और इसलिए ही बाबा साहेब डॉ आंबेडकर को इतना याद किया जा रहा था।  दलितों ने १४ अप्रेल को हर साल की तरह पूरे जोश खरोश के साथ आंबेडकर जयंती मनाई।  बसपा के राजनैतिक आगमन का सबसे बड़ा असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुआ जहाँ दलितों में खासकर चमार जाति में आत्मस्वाभिमान का जबरदस्त आंदोलन विकसित हुआ. आंबेडकर जयंती एक प्रकार से दलित अस्मिता और स्वाभिमान का सबसे बड़ा त्यौहार बन गया। १९८९ से पूर्व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित वोट ईमानदारी से डल भी नहीं पाता था क्योंकि दबंग जातिया पहले ही वोट डाल चुकी होती थी लेकिन बसपा के उदय से दलितों का जो उभार उठा उसने इस क्षेत्र की दबंग जातियों के नेतृत्व को संकट में डाल दिया और दलित पिछडो और पसमांदा मुसलमानो का गठबंधन इस क्षेत्र की राजनीती में अभेद्य किले की तरह होता इसलिए उसको ख़त्म करने के लिए जरुरी था के दबंग जातियों का साम्प्रदायिकरण किया जाए।  इस क्षेत्र में जातिवाद भले ही घनघोर रहा हो लेकिन गाँव देहात में हिन्दू मुसलमानो के रिश्तो में उतनी कड़वाहट नहीं थी जो अब पैदा हो चुकी है।  हम लोग साम्प्रदायिकता को शहरी लोगो का राजनितिक और बर्चस्व का कार्यक्रम कहते थे।  लेकिन अब स्थितियाँ बदली हैं और दलित पिछडो और पसमांदा मुसलमानो की राजनीती उत्तर प्रदेश की एक हकीकत है जिसने कम से कम राजनीती में सवर्ण वर्चस्व को पूर्णतः ख़त्म तो नहीं किया लेकिन उसकी चौदराहट को चुनौती तो दे दी। इसलिए, सपा  बसपा की राजनीती को ख़त्म करने के लिए जरुरी था के दलित पिछडो और मुसलमानो के बीच में फुट डाली जाए और अलग अलग लेवल पर प्रयोग किये जाए।  हालाँकि पच्छिमी उत्तर प्रदेश जाट गुर्जर बहुल क्षेत्र है और हरयाणा में जिस प्रकार से भाजपा ने गैर जाट को मुख्यमंत्री बनाया था और जाट आरक्षण के मसले पर जैसे राजनीती की उससे पच्छिमी उत्तर प्रदेश में जाटो में असंतोष था लेकिन उस सारे असंतोष को मुस्लिम विरोध की राजनीती में बहुत चतुराई से ख़त्म कर दिया गया।  पूरे प्रदेश में भाजपा की 'राष्ट्र्वादी' ध्रुवीकरण की राजनीती से ठाकुरो, ब्राह्मणो के नेताओ के तो बल्ले बल्ले हो गयी।  मंडल के बाद हासिये पे आयी इन जातियों को तो इस राष्ट्रवाद के चलते इनका राजनैतिक पुनरुत्थान हो गया।  भाजपा ने भी पिछडो और दलितों के अनेको अंतर्द्वंदों से  खेलकर सवर्णो के दबंग जातियों के वर्चस्व को और मज़बूत कर दिया. पच्छिमी उत्तर प्रदेश में पूरे ध्रुवीकरण का सबसे बड़ा लाभ राजपूत नेतृत्व को हुआ।  

उत्तर प्रदेश के चुनावों में भारी जीत के बाद भाजपा के हौसले बुलंद है लेकिन उसकी समस्या यह है के अब स्थानीय निकायों के चुनाव सामने हैं।  नरेंद्र मोदी ने आम चुनावो से पूर्व अपने अभियान की शुरुआत कांग्रेस मुक्त भारत के नारे से की लेकिन हम सब जानते हैं के ब्रह्मवादी संघी नेतृत्व ऐसा होने नहीं देगा क्योंकि असल लड़ाई तो देश के बहुजन समाज और अल्पसंख्यक सवर्ण समाज का है इसलिए अमित शाह ने कहा था के अब समय आ गया है विपक्ष विहीन भारत का।  ये एक खतरनाक स्टेटमंट है लेकिन भाजपा विपक्ष को नेतृत्व विहिन कर देना चाहती है।  भारत के लोकतंत्र के लिए मज़बूत विपक्ष की आवश्यकता है और उसको ख़त्म करने की बात करना संविधान विरोधी है।  अमित शाह पुरे भारत में पंचायत से लेकर संसद तक भाजपा का नेतृत्व चाहते हैं शायद वो इसलिए के एक बार देश में उनका पूरा नियंत्रण हो जायेगा तो संविधान बदलने की उनकी मंशा फिर पूरी हो सकती है। स्थानीय निकायों में जीतने के लिए दलितों का साथ भी चाहिए और उनके अंदर अधिकारों के लिए हो रहे जाग्रति को धमकाना भी है इसलिए ही अनेको प्रकार के षड्यंत्र हो रहे हैं। आंबेडकर के नाम लेने भर से ही परेशान होने वाले लोग जब उनके नाम से यात्रा निकलना चाहते हैं तो उसकी परिणीति कैसे होगी जगजाहिर है।  जब आंबेडकर जयंती सभी जगह १४ अप्रेल को मना ली गयी तो २० अप्रेल को जबरन जलूस निकालने के क्या मायने।  दलित और मुसलमनो के बीच जबरन झगड़ा लगाने की कोशिश कर असंतोष खड़ा करने के हर प्रयास की निंदा होनी चाहिए।  कोई भी जलूस समाज में व्याप्त शांति और सद्भाव से बड़ा नहीं हो सकता। 

सहारनपुर से भाजपा के सांसद राम लखन पाल शर्मा ने पुलिस प्रशाशन की परवाह किये बगैर जो शोभा यात्रा  निकाली वो पूर्णतः गैर क़ानूनी थी  लेकिन बजाय शर्मा के खिलाफ कोई कार्यवाही के सहारनपुर के नौजवान एंड बहादुर पुलिस अधिकारी लव् कुमार सिंह का तबादला कर दिया गया।  ये सुचना अब गुप्त नहीं है के लव कुमार के शासकीय आवास पर सांसद के समर्थको ने हमला किया लेकिन सरकार ने सांसद को समझाने के बजाय अधिकारी को 'अनुशासित' कर दिया।  अखबारों की खबर के मुताबिक जो नए अधिकारी लव कुमार सिंह की जगह पे आये वह सुभाष चंद्र दुबे मुजफ्फरनगर के दंगो के दौरान वहा के एसएसपी थे और पत्रिका अख़बार के मुताबिक न्यायमूर्ति विष्णु सहाय  की रिपोर्ट ने उन्हें भी जांच में दंगो को न रोक पाने का दोषी पाया था।  सहारनपुर के इस दंगे तरह छोटे बड़े किस्म के दंगो की संख्या लगातार बढ़ रही है।  केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के मुताबिक २०१५ में १५५ और २०१६ में १६२ मामले उत्तर प्रदेश में हुए हैं। आंबेडकर शोभा यात्रा का पूरा मामला दलित मुसलमानो को आपस में लड़ाने का था क्योंकि न तो दलितों के तरफ से कोई शोभायात्रा की बात कही गयी थी न ही प्रशाशन ने इसकी अनुमति दी थी लेकिन दंगे कराने की साजिश थी और अखबारों ने अपनी भूमिका निभा दी।  सहारनपुर में अखबारों ने दलित मुस्लिम दंगा करवा दिया जो कही था ही नहीं क्योंकि पूरी 'शोभा यात्रा' की मांग दलितों की तरफ से नहीं भाजपा के सांसद की और से थी। 

पिछले तीन वर्षो से सरकार बाबा साहेब आंबेडकर के जन्म दिवस या महापारिनिरवाण दिवस को बहुत बड़े स्तर पर मनवा रही है।  प्रधानमंत्री मोदी डॉ आंबेडकर का बड़ा गुणगान कर रहे हैं।  अपनी पूरी विदेश यात्राओं में मोदी जी अपने को बुद्ध की धरती से आया हुआ कहते हैं हालाँकि बोध गया बुद्धिस्ट लोगो को मिल जाए इसका कभी उन्होंने प्रयास नहीं किया और घर में उन्हें शिष्य राम मंदिर का आंदोलन मज़बूत कर रहे हैं चाहे इसके कारण देश में अमन चैन रहे या नहीं।  खैर भाजपा के स्वर्ण नेताओ और उनके स्वर्ण कार्यकर्ताओ को लगता है के दलितों के वोट लेने के लिए आंबेडकर नाम का जाप किसी भी कीमत पर करना पड़ेगा लेकिन वे भूल गए के कांशी राम की राजनैतिक क्रांति ने दलितों को यह भी बताया के ''वोट हमारा राज तुम्हारा' नहीं चलेगा।  भाजपा इस नारे को ''वोट तुम्हारा राज हमारे' में बदलने के लिए कटिबद्ध है और इसलिए लोगो की भावनाओ को समझे बगैर वो ये कर रही है। सवाल यह है के यदि आप बाबा साहेब आंबेडकर से प्यार करते हो या उनका सम्मान करते हो तो क्या अभी तक जाति उन्मूलन के लिए आपने क्या किया. यदि आप बाबा साहेब के संविधान का सम्मान करते हो तो ' द ग्रेट चमार' लिखने में क्या आपत्ति क्यों ? यदि आपकी पार्टी सामाजिक न्याय को मानती है तो फिर डॉ आंबेडकर की प्रतिमा का हर वक़त अपमान क्यों और वो दलितों की बस्ती में ही क्यों लगे गाँव के बीच मोहल्ले में क्यों नहीं ?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने के वाद से हिन्दू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओ के जोश में होश चला गया है।  वैसे पूरी वाहिनी  राजपूत सेना  नज़र आती 
है. जब प्रदेश में एक लोकतान्त्रिक सरकार है तो ऐसी वाहिनियों को क्यों नहीं ख़त्म किया जाता।  क्योंकि ऐसा यदि नहीं होगा और पुलिस और प्रशाशन का ब्राह्मणीकरण होगा तो इस प्रकार की वाहिनियों के मुकाबले में भी जातियों की सेनाये तैयार होंगी।  पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भीम आर्मी की ताकत का अंदाजा पुलिस को भी नहीं था लेकिन सहारनपुर में कल के हादसे के बाद प्रशाशन के हाथ पाँव फूल गए हैं।  सवाल इस बात का है के यदि प्रशाशन को ईमानदारी से काम करने की छूट नहीं होगी, संविधान भावनाओ का सही प्रकार से पालन नहीं होगा और  गाँव देहात में मनुवादी सामंतवाद अभी भी चलेगा तो फिर लोग अपने बचाव और सम्मान के लिए अपनी अपनी  जातीय सेनाओ या पार्टियों  का सहारा लेंगे। 

अभी का ताजा घटनाक्रम मई ५ का है जब  शब्बीरपुर गाँव में ठाकुरो के हमले में पुलिस के अनुसार दलितों के २५-३० घर जला दिए गए हालाँकि दलितों का कहना है के ५५ से अधिक घर जले हैं और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। अंग्रेजी दैनिक हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक  ४००० हज़ार की आबादी वाले इस गाँव में ठाकुरो की आबादी २५०० और चमारो की ६०० से करीबन है। मामला महाराणाप्रताप की जयंती मनाने से शुरू हुआ जब लोउडस्पीकर की आवाज़ को दलितों ने काम करने को कहा।  असल में हमारे गाँवों में झगड़ो के लिए बहाने चाहिए होते हैं।  उसके लिए लोग कारण ढूंढते हैं और दिन तय करते हैं। महाराणाप्रताप की जयंती पहले नहीं मनाई जाती थी लेकिन अब गाँवों में अपने अपने पूर्वजो को मनाने के नाम पर हर काम हो रहे हैं।  उससे भी कोई दिक्कत नहीं लेकिन समस्या तब होती है जब जानबुझकर उन इलाको से जलूस निकाला जाता है जहाँ आपको दंगा फसाद करना है।  साम्प्रदायिक और जातीय दंगो के महारथी हमेशा ऐसा करते हैं और जब वे इन इलाको से गुजरते हैं जहाँ उन्हें लगता है के लोग  उनके 'दुश्मन' हैं वहां उनकी नारेबाजी भयावह रूप धारण करती है।  मसलन अगर जलूस मुसलमानो के इलाको से जाए तो ' तेल लगा दो डाबर का, नाम मिटा तो बाबर का ' या ' राम लला हम आएंगे मंदिर वही बनाएंगे' और यदि भारत में रहना होगा वन्दे मातरम कहना होगा' के नारे लगेंगे और वो ऐसे लगाए जाते हैं जैसे किसी को चिढ़ाने के लिए किया जा रहा हो।  ये बात  हकीकत है के त्योहारों और पर्वो पर जलूस निकलना भारत के शहरों और गाँवों के लिए अब नासूर बन गए हैं क्योंकि ये जलूस या झांकिया अब जनजागरण के लिए नहीं अपितु अपनी ताकत दिखाने के लिए हैं और भारत के विभिन्न हिस्सों में हो रहे दंगो का कारण बन चुके हैं।  घनी आबादी वाले इलाको, खासकर जो मिश्रित आबादी के क्षेत्र हैं किसी भी हिंसा को रोकना प्रशाशन के लिए नामुनकिन हैं. इन दंगो के कारण हिंसा में अक्सर पुलिस प्रशाशन भी सांप्रदायिक हो जाता है। पुलिस के जातीय और सांप्रदायिक चरित्र को कभी भी ठीक करने की कोशिश नहीं की गयी। 

दंगो में लोग बर्बाद होते हैं और प्रशाशन की और से मुआवजा भी नाम मात्र का होता है।  बड़े लोगो के व्यावसायिक प्रतिष्ठान तो बीमित होते हैं और  वे इस प्रकार की घटनाक्रम से सरकार की सहायता के बिना भी बीमा क्लेम कर लेते हैं लेकिन अब समय आ गया है के  अन्य सभी लोगो को बचाव में अपना बीमा करवाना चाहिए खासकर मुस्लिम और दलित समुदाय के व्यवसायियों को ताकि इस प्रकार की हिंसा में उनके व्यवसायिक हितो को नुक्सान न हो अन्यथा उनके नष्ट होने में तो देर नहीं लगती और इससे कई मेहनतकश लोगो की जिन्दगिया ख़त्म हो गयी है। मुजफ्फरनगर के २०१३ के दंगो की स्याही अभी सूखी नहीं है क्योंकि जिनके घर बार नष्ट हुए उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिला।  सरकार की उसमे कोई दिलचस्पी भी नहीं दिखाई देती।  ऐसा लगता है के प्रशाशन तो लोगो को रिलीफ कैंपो में भी नहीं रखना चाहता।  एमनेस्टी इंटरनेशनल की एक रिपोर्ट के मुताबिक मुजफ्फरनगर की हिंसा में  ७  महिलाओ के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ जिसमे से एक की मौत हो गयी है और बाकी अपनी जिंदगी को सँभालने की कोशिश कर रही है  लेकिन उन पर जान का खतरा लगातार मँडरा रहा है।  अभी तक सही प्रकार से मुकदमे शुरू भी नहीं हुए हैं।  गवाहो को धमकिया हैं और खुले आम धमकी देने वाले अब सत्ता का हिस्सा है और खुले में घूम रहे हैं। 

लोकतंत्र की त्राश्दी है के जनता का फैसला सर्वमान्य होता है लेकिन जब कानून का शाशन चलाने की बात करते हैं तो आरोपियों पे मुकदमा चलना चाहिए और एग्जीक्यूटिव को ईमानदारी  कार्य करना चाहिए।  अमेरिका का उदहारण हमारे सामने है जहाँ मीडिया और सरकार के दूसरे अंगो जैसे एफबीआई ने अभी तक सरकार की हाँ में हाँ नहीं मिलाई है और जहाँ लगा के मंत्री या राष्ट्रपति गलत हैं वहा उन्होंने उसका विरोध किया है लेकिन भारत में मीडिया  का साम्प्रदायिक और जातीय स्वरूप जगजाहिर है।  इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के  आने से अब अफवाहे आसानी से फ़ैल रही हैं।  मीडिया किसी भी खबर को अपने स्टूडियो और दफ्तरों में तैयार कर रहा है जिसके फ़लस्वरूप गाँवो में तनावबढ़ रहा है। मीडिया और लोगो को यह बात  जान लेनी चाहिए के कोई  व्यक्ति यदि वो कानून की नज़र में आरोपित है या अपराधी है तो उसके अपराध चुनाव जीतने से ख़त्म नहीं हो जाते।  लालू यादव उदहारण है।  उन्हें आज भी कोर्ट के चक्कर लगाने पड रहे हैं।  शाहबुद्दीन जीतने के बावजूद भी जेल में हैं।  मतलब यह के चुनावी जीत आपके अपराधों को नहीं धोती और देर सवेर उन  पर कार्यवाही होती ही है।  इसलिए भाषणों में नेता लोग यदि जनता की अदालत की आड़ में अपने कार्य को सही ठहराए तो समझ लीजिये के कोर्ट के फैसले का भय उनके दिमाग में घूम रहा है। 

सत्तारूढ़ पार्टी ने दलित पिछडो और मुसलमानो के अंतरद्वन्द  को अपना हथियार बनाया लेकिन ये भी आवश्यक है के सवर्णो  और दलितों के अंतर्द्वंद केवल राजनैतिक एडजस्टमेंट से ख़त्म नहीं होने वाले।  बाबा  साहेब आंबेडकर ने जातियों के सम्पूर्ण विनाश की बात कही और संविधान की सर्वोच्छ्ता को लागु करने की बात कही लेकिन आज संविधान की ताकत से सबसे बड़ी चुनौती मनुवाद को है जिसने हमारे गाँवों में अभी भी अपना राज्य कायम रखा है जहाँ द ग्रेट चमार के बोर्ड लग जाने मात्र से जातिप्रथा की सर्वोच्चता को चुनौती लगने लगती है।  आंबेडकर की सीधी खड़ी मूर्तिया सवर्ण प्रभुत्व के लिए चुनौती हो गयी है जिन्हे ऐसा लगता है के उनका संविधान और उनके विचार दलितों को 'बिगाड़' रहे हैं क्योंकि अब वो सवाल कर रहे हैं. आरक्षण की सीटों के नाम पर भी दलित पिछडो ने बहुत बदनामी झेली।  ऐसा प्रचारित किया गया के आरक्षित श्रेणी में सभी दोयम दर्जे के लोग आते हैं लेकिन टीना डाभी, कल्पित वीरवाल और अब रिया सिंह ने दिखा दिया है के तथाकथित सवर्ण मेरिट को अम्बेडकरवादी युवाओ की न केवल कड़ी टक्कर मिलेगी अपितु आने वाले दिन अम्बेडकरवादी  मेहनतकशो के ही होंगे। सवाल ये नहीं की किसी को नीचा या किसी को ऊंचा दिखाना है आखिर ये जंग तो हमेशा नहीं चल सकती क्योंकि भारत का भविष्य एक बराबरी वाले समाज में ही है न के ऐसे सामाजिक व्यवस्था में जो जन्म आधारित कार्य के सिद्धांतो पर चली है। 

उत्तर  प्रदेश के चुनावो के वक़्त कई अखबारों ने एक खबर छापी थी।  बहुत से साथियो को दुःख भी हुआ था।  हाथरस की एक सुरक्षित विधान सभा सीट से वाल्मीकि समाज के एक भाजपा प्रत्याशी प्रचार के वक़्त अपना गिलास अलग से लेकर चलते थे क्योंकि जब वो जाटो के इलाको में जाते तो जमीन पर बैठते और लोग उनको चाय उनके गिलास पे देते।  वो घर के अंदर भी नहीं घुसते थे और गाँव के छोटे बच्चे भी उनका नाम लेते।  जब उन महाशय से यह पूछा गया के आप इसका विरोध क्यों नहीं करते तो उन्होंने अपनी सदियों पुरानी परम्पराओ का हवाला दिया। उनकी सुरक्षित सीट जाट बाहुल्य वाली थी और क्योंकि उन्हें चुनाव जीतना था इसलिए अगर अपने आत्मसम्मान की कीमत पर आप संसद या विधायक बन गए तो क्या दिक्कत। वह चुनाव जीत भी गए।  मैंने उनका बायो डाटा पढ़ा तो पता चला के उनके पिता बहुत समय से विधायक थे और एक टर्म के लिए सांसद भी रहे।  क्या ये आश्चर्य की बात नहीं के एक राजनैतिक परिवार से आने वाला व्यक्ति  पद के लिए अपने स्वाभिमान या अपने स्वाभिमान की रक्षा नहीं कर सकते तो क्या  वे विधान सभा या सांसद में  वाकई  अपने या अपने जैसे समाजो पे हो रहे अत्याचारों के बारे में कुछ  पाएंगे?  बाबा साहब आंबेडकर ने इसी लिए पृथक या आनुपातिक चुनाव प्रणाली की बात कही थी।  असल में संघ की समरसता का सिद्धांत यही के आप को मनुस्मृति ने जिस जगह पर रखा है वो बिलकुल 'वैज्ञानिक' है और सभी अपनी अपनी जातियों के हिसाब से काम करे और 'प्यार' से रहे तो 'सामनजस्य बना रहेगा। आंबेडकर का युवा इस सामंजस्य को अब सहने को तैयार नहीं है।  विधायकी और सांसदी या प्रधानी के लिए भी वे लड़ेंगे लेकिन अपने स्वाभिमान को रखकर। सामाजिक बराबरी लाने के लिए 'ऐतिहासिक गलतियों' को स्वीकार करना पड़ेगा।  बाबा साहेब आंबेडकर की लड़ाई एक नए समाज को बनाने की लड़ाई थी, ये भारत के मानवीयकरण और उसे प्रबुद्ध भारत बनाने की लड़ाई है और उसके लिए आवश्यक है के सड़ी गली परम्पराओ को ठुकराकर एक समतावादी समाज की स्थापना जो मनु के विधान से नहीं हमारे ऐतिहासिक संविधान से चले।  समाज में आपने जातीय वर्चस्व को कायम रखने वाली शक्तिया केवल दूसरे को गिरा हुआ और निम्न देखना चाहती है जो हमें हर प्रकार से कमज़ोर करेगा. दुनिया बदल चुकी ही और जो अपने को जातीय आधार पर बड़ा मानने की जिद में हैं उन्हें सोच लेना चाहिए के २१वे सदी में उनका फायदा भी इसमें है के वे बदले और सामाजिक बदलाव की दिशा में सोचे जिसकी शुरुआत बुद्ध ने की और जिसके सबसे बड़े प्रणेता बाबा साहेब आंबेडकर रहे। एक समतावादी समाज का फायदा केवल दलितों को हो ऐसा  नहीं हो सकता।  भारत के सम्पूर्ण विकास और ताकत के लिए यहाँ सामाजिक बदलाव और सामाजिक न्याय की शक्तियों के साथ में समाज को जुड़ना पड़ेगा।  अगर ऐसा नहीं हुआ तो जैसे डॉ आंबेडकर ने कहा, दबे कुचले लोग अपना रास्ता खुद तय कर लेंगे। 

पश्चिम  उत्तर प्रदेश एक खुशहाल क्षेत्र है।  यहाँ के किसान राजनैतिक तौर पर बड़े ताकतवर थे।  आज  यहाँ से  खेती खतरे में है लेकिन किसानो के मुद्दे गायब हैं।  ऐसा नहीं है के किसानो को इसका पता नहीं है।  उनके मुद्दों को साम्प्रदायिकता और जातीय वर्चस्व की चाशनी में चालाकी से मिला दिया गया है।  जरुरी है के नेता और उनके छुटभैये इस क्षेत्र को अपने राजनैतिक लाभ के लिए आग में न ढकेले क्योंकि ये क्षेत्र ऐसा है के आग लगने पर बुझाना आसान नहीं है। इस क्षेत्र ने मेरठ, मुरादाबाद, अलीगढ ,,आगरा , बरेली  बिजनौर, मलियाना आदि के भयावह दंगे देखे हैं और उनसे होने वाले नुक्सान को भी भुगता है।   नफ़रत की आग इस देश को ध्वस्त कर सकती है इसलिए सरकार को  चाहिए के वो कड़ा सन्देश भेजे खासकर सभी राजनैतिक कार्यकर्ताओ को के वे कोई ऐसी बात न कहे जो हिंसा को सही ठहराए।  ये भी जरुरी है के लोगो में विश्वास जगाने के लिए स्थानीय सदभावना समितिया बने।  सबसे बड़ा अनुरोध लोगो से है के वे व्हाट्सप्प और सोशल मीडिया , स्थानीय अखबारों की खबरों से उद्वेलित न हो।  चिंता करना वाजिब है और अपने अधिकारों के लड़ना भी आवश्यक है लेकिन अफवाहों के चलते केवल उसकी राजनीति करने वालो की चांदी है। मुख्यमंत्री ने डीजीपी को भेजा है लेकिन हमारे विपक्ष के नेता नदारद है।  सहारनपुर और मुजफ्फरनगर की हिंसा और उसके कारणों की विस्तारपूर्वक जांच होनी चाहिए।  क्या हमारी संसद या विधानसभा इस पर कोई समिति का गठन कर सकती जिसमे विपक्ष के लोग भी हों ताकि ईमानदारी से इन घटनाओ की जाँच हो और भविष्य में ऐसा न हो उसके लिए प्रयास हो।  क्या ऐसा हो सकता है के जिन नेताओ का नाम दंगा फ़ैलाने में आये उन्हें टिकट न मिले ? सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की खुशहाली के जरुरी है के वह शांति हो और सभी लोग बिना भय और रागद्वेष के रहे ताकि जिंदगी दोबारा से पटरी  पे आ सके।